सपा कार्यकर्ताओं ने निकाला विशाल जुलूस, कलेक्ट्रेट पर दिया धरना पुलिस प्रशासन पर सपा समर्थित सदस्यों को धमकाने का लगाया आरोप सदस्य अनिल कन्नौजिया को जबरन बीजेपी प्रत्याशी के पास पहुंचाने का भी आरोप
( सिद्धार्थनगर )। जिला पंचायत सदस्य अनिल कन्नौजिया को पुलिस की ओर से जबरन भाजपा प्रत्याशी के पास पहुंचाने, जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सदस्यों को फर्जी मुकदमा में फंसाए जाने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। कलेक्ट्रेट पर धरना दिया और नारेबाजी की। इस बीच राज्यपाल के नाम संबोधित मांगपत्र एडीएम सीताराम गुप्ता को सौंपा। लगभग दो घंटे बाद डीएम के आश्वासन पर धरना खत्म कर दिया गया।
बुधवार को सपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक लालजी यादव की अगुवाई में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एकत्र हुए। बाद में सभी कलेक्ट्रेट के लिए कूच किए। जुलूस के शक्ल में सपाइयों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप था कि जिले में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। सत्ता पक्ष के इशारे पर जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में पुलिस प्रशासन जिला पंचायत सदस्यों को फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी दिया जा रहा है। सपा के निर्वाचित सदस्यों, कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। सपाइयों का आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य अनिल कन्नौजिया को चौकी प्रभारी डिड़ई ने जबरन ले जाकर भाजपा प्रत्याशी को सौंप दिया। जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने कहा कि ऐसे चौकी प्रभारी को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। पूर्व विधायक विजय पासवान,राम कुमार यादव, उग्रसेन सिंह, चमनआरा राइनी, कमाल खान, विरेंद्र तिवारी, विभा शुक्ला, बेचई यादव, जमील सिद्दीकी, मो. इद्रीश, शुंभागी द्विवेदी, अंबिकेश श्रीवास्तव, रमजान अली, चंद्रजीत जायसवाल, सोनू यादव, विजय यादव, अब्दुल कलाम सिद्दीकी, कमरूजमा, धीरू यादव, शैलेंद्र शर्मा, राकेश यादव उपस्थित थे।
