नहीं हुआ गन्ना मूल्य का भुगतान तो आंदोलन करेंगे किसान
(कुशीनगर ) सेवरही चीनी मिल द्वारा चालू पेराई सत्र में गत 15 दिसंबर के बाद किए गए गन्ना आपूर्ति का भुगतान अबतक न होने से गन्ना किसानों में आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार को उजारनाथ स्थित गन्ना क्रय केंद्र पर कांग्रेस के नेतृत्व में गन्ना किसानों ने प्रदर्शन के पश्चात बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई। बैठक को संबोधित करते हुए फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी नेता मनोज सिंह ने कहा कि 14 दिन पर गन्ना मूल्य भुगतान का नियम है, अन्यथा की दशा में मूल्य के साथ ब्याज के भुगतान का प्रावधान है। लेकिन चीनी मिल ने 53 दिन बाद भी भुगतान नहीं किया। यहां तक कि सरकार ने भी चालू पेराई सत्र में गन्ना मूल्य निर्धारण नहीं किया। 12 दिसंबर तक आपूर्ति किए गए गन्ना मूल्य का भुगतान पुरानी दर पर किया जा रहा है। पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव विनोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानो की उपेक्षा हो रही है चार वर्षों से गन्ना का मूल्य वृद्धि नही हुई फिर किसानों की आय दो गुना कैसे होगी। बैठक में इस आशय की रणनीति बनाई गई कि यदि 6 फरवरी तक नियमानुसार बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं होता तो रविवार को गन्ना क्रय केंद्र पर धरना प्रदर्शन करते हुए व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा व गन्ना आपूर्ति बाधित की जाएगी। इस दौरान झुन्नू राय, धर्मेन्द्र सिंह, सुहैल सिद्दीकी, वीरेंद्र सिंह, मान्धाता पटेल, दीनानाथ यादव, मणि, भीखम प्रसाद, अरविंद कुमार आदि किसान मौजूद रहे।
