लखनऊ-कानपुर और कानपुर-लखनऊ के रोडवेज किराये में अंतर, जानिए- क्या है इसकी वजह
जाजमऊ पुल की मरम्मत के चलते लखनऊ से कानपुर आने वाले रोडवेज यात्रियों से किराये के चार रुपये अतिरिक्त वसूले जाएंगे। इन्हें अब 115 रुपये की जगह 119 रुपये किराया देना होगा। हालांकि कानपुर से लखनऊ की ओर जाने का किराया पूर्ववत ही रहेगा।
जाजमऊ में पुराना गंगा पुल की मरम्मत चल रही है। ऐसे में लखनऊ से आने वाली बसों को बदरका बाईपास से गंगा बैराज होकर झकरकटी बस अड्डे आना पड़ रहा है। चार किमी का चक्कर बढऩे पर रोडवेज ने भी चार रुपये किराया बढ़ा दिया है। वहीं जनरथ बसों से सफर करने वाले यात्रियों पर भी अतिरिक्त किराये का बोझ पड़ेगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक कानपुर क्षेत्र अनिल अग्रवाल ने सभी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को किराये का पुन: निर्धारण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ-कानपुर वापसी सेवा का किराया 100 किलोमीटर दूरी मानकर यात्रियों से लिया जाए। प्रत्येक चालक को 1-10 सीरीज टिकट की अतिरिक्त गड्डी दी जाए ताकि वह अतिरिक्त किमी का मैनुअल टिकट दे सकें।
ये देना होगा किराया
बस-पहले- अब
साधारण- 115- 119
जनरथ (टू बाई थ्री सीट)- 145- 150
जनरथ (टू बाई टू सीट )- 159- 155
