गुम हुए मोबाइल फोन वापस मिले तो खिल उठे मोबाइल धारकों के चेहरे सर्विलांस टीम ने ढूंढ निकाला 136 मोबाइल फोन एसपी ने मोबाइल धारकों को सौंपा उनका गुम हुआ फोन
( सिद्धार्थनगर )। जनपद पुलिस की सर्विलांस टीम ने अथक प्रयास करते हुए जनपद में गुम हुये 136 अदद मोबाईल फोन को बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह ने मोबाईल धारकों को उनका मोबाइल फोन वापस लौटाया है।
मंगलवार को पुलिस लाइन्स में पुलिस अधीक्षक डॉ0 यशवीर सिंह द्वारा बरामद मोबाईल फोन को सम्बन्धित मोबाईल धारकों को सौपा गया। इस सफलता पर मोबाईल धारकों द्वारा जनपदीय पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। मोबाईल धारकों द्वारा बताया गया कि उन्हे विश्वास नही था, कि उन्हे अपना खोया हुआ मोबाईल वापस मिल पायेगा। एसपी ने मोबाईल धारकों को सचेत किया कि अपने मोबाईल फोन की सुरक्षा जिम्मेदारी से करें। एसपी डॉ यशवीर सिंह ने पत्रकारों को बताया कि वर्तमान में जनपद में विभिन्न स्थानों पर गुम हुये मोबाईल फोन की सूचना पुलिस कार्यालय को उपलब्ध करायी जा रही थी, जिसकी बरामदगी हेतु उनके द्वारा सर्विलांस टीम को निर्देशित किया गया था। आदेश के अनुपालन में सर्विलांस टीम द्वारा अथक प्रयास के माध्यम से 136 अदद मोबाईल फोन बरामद किये गये जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 14 लाख रुपये है। बताया कि यह अब तक की सबसे ज्यादा संख्या में मोबाइल बरामदगी है। ज्ञातव्य हो कि इसके पूर्व में भी सर्विलांस सेल द्वारा 632 अदद मोबाइल फोन बरामद कर मोबाईल धारकों को वापस सौपा जा चुका है। उक्त सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम में पुलिस अधीक्षक के पीआरओ एसआई दीपक कुमार, सर्विलांस सेल के आरक्षी दिलीप कुमार द्विवेदी,आरक्षी विवेक कुमार मिश्र,आरक्षी देवेश यादव,आरक्षी अभिनन्दन कुमार सिंह की भूमिका उल्लेखनीय बताई गई है।इस सराहनीय कार्य हेतु सर्विलांस टीम को उत्साहवर्धन हेतु पुलिस अधीक्षक ने दस हजार नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
