कोहली के साथ नहीं अब इस खिलाड़ी की कप्तानी में खेलने को बेताब हैं IPL 2021 के पर्पल कैप विनर हर्षल पटेल
आइपीएल के पिछले सीजन में अपनी बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर हर्षल पटेल ने खूब सुर्खियां बटोरी साथ ही साथ इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेकर उन्होंने पर्पल कैप भी अपने नाम किया। उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद आरसीबी ने अपने इस तेज गेंदबाज को आइपीएल सीजन 2022 के लिए अपनी टीम में रिटेन नहीं किया। अब आइपीएल 2022 के लिए मेगा नीलामी का आयोजन 12 व 13 फरवरी को किया जाएगा, लेकिन इससे पहले हर्षल पटेल ने अपनी इच्छा जाहिर करते हुए बताया कि वो किस टीम के लिए खेलना चाहते हैं। वैसे इस बार हर्षल पटेल पर हर टीम की निगाहें रहने वाली है।
हर्षल पटेल ने क्रिकट्रेकर के साथ बातचीत की और उनसे पूछा गया कि वो अब किस टीम की तरफ से खेलना चाहते हैं तो उन्होंने सीएसके का नाम लेते हुए बताया कि एम एस धौनी उनके फेवरेट हैं और वो अब यलो आर्मी का हिस्सा बनना चाहते हैं। वहीं उनसे उनके आल टाइम फेवरेट कप्तान के बारे में भी पूछा गया तो हर्षल ने एम एस धौनी का ही नाम लिया। आपको बता दें कि आरसीबी ने आइपीएल सीजन 2022 के लिए विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल और मो. सिराज को रिटेन किया था। हर्षल पटेल को आरसीबी ने रिटेन क्यों नहीं किया इसके बारे में बताते हुए टीम के डायरेक्टर आफ क्रिकेट माइक हेसन ने कहा कि पर्स मैनेजमेंट को बेटर करने के लिए ये फैसला किया गया।
वहीं आरसीबी के द्वारा रिटेन नहीं किए जाने के बारे में हर्षल पटेल ने भी कहा था कि जब उन्होंने मुझे पिक नहीं किया तब माइस हेसन ने मुझे काल किया था और बताया कि पर्स मैनेजमेंट की वजह से ऐसा किया गया। वो एक बार फिर से मुझे अपनी टीम में देखना पसंद करेंगे और मैं भी एक बार फिर से इस टीम के लिए खेलना पसंद करूंगा क्योंकि आइपीएल 2021 सीजन ने मेरा जीवन बदल दिया। आपको बता दें कि हर्षल पटेल के आइपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद ही उनका टीम इंडिया में भी चयन हुआ। वहीं साल 2020 में हर्षल को दिल्ली से आरसीबी ने खरीदा था। उन्होंने आइपीएल 2021 में खेले 15 मैचों में कुल 32 विकेट लिए थे।
