07 June, 2026 (Sunday)

कटरीना कैफ-विक्की कौशल की शादी में सुरक्षा इंतजामों के लिए स्थानीय प्रशासन की बैठक, एक्ट्रेस के घर पहुंचीं डिजाइनर

विक्की कौशल और कटरीना कैफ की शादी की चर्चा हर तरफ हो रही है, बस दोनों एक्टर्स की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। शादी के वेन्यु से लेकर मेहमानों की लिस्ट और शामिल होने के कायदे-कानून सब विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है, बस कमी है तो आधिकारिक पुष्टि की। मगर, अब एक ऐसा अपडेट आया है, जिसके बाद बॉलीवुड की इस शादी को लगभग पक्का ही माना जा रहा है।

रिपोर्ट्स की मानें तो कटरीना और विक्की 7-9 दिसम्बर के बीच राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में स्थित सिक्स सेंसेज फोर्ट बरवाड़ा में जीवन के अगले अध्याय की शुरुआत करेंगे, जहां स्थानीय प्रशासन ने इस भव्य और आलीशान शादी की तैयारियां शुरू कर दी हैं। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर राजेंद्र किशन की अध्यक्षता में बैठक करके सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।

इस बैठक में एसपी राजेश सिंह, एडीएम सूरज सिंह नेगी, इवेंट कंपनी के प्रतिनिधि और होटल के कर्मचारी भी शामिल थे, जहां शादी की रस्में होनी हैं। यह बैठक सवाई माधोपुर में भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा को लेकर थी। शादी में मुंबई से कई सेलेब्रिटी पहुंचने की उम्मीद है, जिनकी झलक पाने के लिए स्थानीय लोग वहां पहुंच सकते हैं। एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, अभी तक कबीर खान, निर्माता अमृत पाल सिंह बिंद्रा और आनंद तिवारी के शादी में पहुंचने की खबर है।

बता दें, शादी की तैयारियां बड़े गुपचुप ढंग से की जा रही हैं। शुक्रवार को पैपराजी फोटोग्राफर्स ने एक नामी फैश डिजाइनर को कटरीना कैफ के घर के बाहर स्पॉट किया था। कहा यह भी जा रहा है कि शादी में शामिल होने वाले मेहमानों को एक कोड दिया जाएगा और उसी कोड के जरिए उन्हें होटल में ठहराने से लेकर दूसरी सुविधाएं दी जाएंगी।

सिक्स सेंसेज फोर्ट बरवाड़ा में सबसे महंगे सुइट्स को दूल्हा दुल्हन के लिए बुक किया गया है, जिसका एक रात का किराया सात लाख रुपये बताया जा रहा है। खबर यह भी है कि राजस्थान में रीति-रिवाज से शादी करने से पहले दोनों मुंबई में शादी रजिस्टर करवा सकते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *