07 November, 2026 (Saturday)

PM मोदी ने देशवासियों को दीपावली की दी बधाई, जारी किया VIDEO; खुद भी जवानों के साथ मनाएंगे दिवाली

पीएम मोदी ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है। उन्होंने कहा कि हर बार की तरफ इस बार भी वह जवानों के साथ दीपावली मनाएंगे।
नई दिल्ली: देशभर में दीपावली की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने दीपावली की पूर्व संध्या पर एक वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने वीडियो संदेश में बताया कि हर साल की तरह इस बार भी वह अपनी दिवाली देश के जवानों के साथ मनाएंगे। पीएम मोदी ने कामना की कि यह पर्व, आगे का यह समय, सब कुछ सुख, शांति और समृद्धि से भरा हुआ रहे। इससे पहले उन्होंने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की थी और दिवाली की शुभकामनाएं साझा की थीं।
पीएम मोदी ने जारी किया वीडियो संदेश
सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी किया। ‘नमस्ते’ के साथ उन्होंने अपने वीडियो की शुरुआत की। आगे उन्होंने वीडियो में कहा, “दीपावली का पावन पर्व पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है। प्रकाश का यह पर्व अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का परिचय है। आप सबको दीपावली की मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपका यह पर्व, आगे का यह समय, सब कुछ सुख, शांति और समृद्धि से भरा हुआ रहे। मैं भी आपकी तरह बड़े उत्साह के साथ दीपावली मनाता हूं; और हर वर्ष जैसा कि आप जानते हैं कि देश के वीर जवानों के बीच जाना मेरा नित्य क्रम है जो इस बार भी जारी रहेगा। आप सबको दीपावली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”
पीएम मोदी ने उपराष्ट्रपति से की मुलाकात
इससे पहले पीएम मोदी ने शनिवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की और उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने इस मुलाकात के बारे में जानकारी दी। पीएम मोदी ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, “उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की और दिवाली की शुभकामनाएं साझा कीं।”
अयोध्या पहुंचे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन
इस बीच, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अयोध्या में आयोजित होने वाले 10वें दीपोत्सव में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस पवित्र उत्सव में उनकी उपस्थिति, प्रकाश के इस पर्व को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बना देगी। ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट में, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों और राजनयिकों का भी स्वागत किया। यूपी के मुख्यमंत्री ने सरयू नदी के तट पर 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीये जलाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि यह आयोजन अंधकार पर सत्य और धर्म की शाश्वत विजय का उद्घोष है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed