गोपीजोत गाँव में पुलिस टीम ने चलाया ऑपरेशन क्रैकडाउन जिले का सर्वाधिक अपराधी वाला गांव है गोपीजोत पूरे गाँव को घेर कर ली तलाशी,टीम को मिले अहम सुराग
( सिद्धार्थनगर )। जनपद के सर्वाधिक अपराधी वाले गाँव गोपीजोत में पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह के निर्देश पर ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत छापेमारी की गयी। इस दौरान पुलिस को कई अवैध सामग्री व महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए है।
जनपद में वृहस्पतिवार की देर शाम अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के नेतृत्व में चले ऑपरेशन क्रैकडाउन अभियान में 18 हिस्ट्रीशीटर व 7 सक्रिय अपराधी निवास करने वाले थाना मोहाना के गांव गोपीजोत में क्षेत्राधिकारी सदर राणा महेंद्र प्रताप सिंह सहित आधा दर्जन थानों की पुलिस, एसओजी टीम, क्यू आर टी व पीएसी सहित लगभग 200 पुलिस कर्मियों के साथ पूरे गांव को घेरकर घरों व व्यक्तियों की सघन तलाशी ली गई । कुछ घरों से प्रतिबंधित चाकू बरामद हुए। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन हिस्ट्रीशीटर में से कोई भी हिस्ट्रीशीटर वांछित नहीं है लेकिन इनका पूर्व में लूट एवं चोरी की वारदातों का बड़ा अपराधिक इतिहास है व इनकी गतिविधियां संदिग्ध है। बताया कि इस गाँव के 6 हिस्ट्रीशीटर जेल में है तथा शेष संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है। छापेमारी में पुलिस टीम को कई संदिग्ध मोबाइल नंबर व अन्य महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इसके पूर्व थाना मोहाना के ही ग्राम भगवानपुर के इनामी अपराधी राजू इस्माइल की तलाश में भी कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि इस प्रकार के अधिक अपराधी वाले चिन्हित गांव में ऑपरेशन क्रैकडाउन के अंतर्गत आकस्मिक छापेमारी की जाती रहेगी।
