एबीवीपी की छात्रा प्रमुख की सड़क हादसे में मौत एबीवीपी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अंकित द्विवेदी गंभीर रुप से घायल
कुशीनगर। जनपद के के कसया थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 28 स्थित पकड़ीहवा गांव के पास डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की छात्रा प्रमुख की मौके पर मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल प्रदेश कार्यसमिति सदस्य को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की शाम करीब चार बजे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य 25 वर्षीय अंकित द्विवेदी देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गांव पुरैना निवासी हैं। अंकित बुद्ध पीजी कालेज कुशीनगर स्नातक की छात्रा व अअभाविप की छात्रा प्रमुख हाटा नगर निवासी 22 वर्षीय तनु बर्नवाल को बाइक से लेकर घर छोड़ने जा रहे थे। दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग-28 स्थित पकड़ीहवा के पास डंपर की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने बताया कि डंपर की रफ्तार काफी तेज थी। इसके चलते डंपर में बाइक फंसकर कुछ दूर तक घिसटते हुए चली गई। बाइक के पीछे बैठी छात्रा तनु की डंपर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक चालक अंकित को भी गंभीर चोटें आई है। उन्हें पहले सीएचसी पर भर्ती कराया गया जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल फिर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
अभाविप के एक पदाधिकारी ने बताया कि तनु बुद्ध पीजी कॉलेज में संगठन की तरफ से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित योगभ्यास कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद घर लौट रही थी। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। डंपर चालक मौके से फरार हो गया। मौत की खबर सुनकर तनु के परिवार में कोहराम मच गया।
