भाजपा नफरत फैलाकर तोड़ना चाहती है आपसी भाईचारा : त्रिलोक
( सहारनपुर ) शनिवार को सहारनपुर मार्ग स्थित एक बैंक्वेट हाल में रालोद नेता नोमान मसूद, हमज़ा मसूद के संयोजन में आयोजित भाईचारा ज़िंदाबाद सम्मेलन में मुख्य अतिथि रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरणसिंह, चौधरी अजित सिंह परिवार ने हमेशा आपसी भाईचारे को मजबूत करने और गरीब, मजदूर व किसानों के हकों की लड़ाई को मजबूती के साथ लड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जयंत चौधरी के नेतृत्व में यह जंग जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि रालोद समाज में भाईचारे के लिए काम कर रही है वहीं भाजपा समाज में नफरत बांटकर बिखराव लाना चाहती है। उन्होंने भाजपा को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा पूंजीपतियों के इशारे पर देशवासियों को गुलाम बनाने का प्रयास कर रही है। बारिश के बीच सम्मेलन में उमड़ी भीड़ से उत्साहित रालोद के सहारनपुर जिलाध्यक्ष राव कैसर सलीम व चौधरी धीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों की हालत बदतर हो गई है वहीं अब काले कृषि कानून लेकर भाजपा किसानों को पूरी तरह बरबाद करने पर तुली हुई है जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जन विरोधी नीतियों और तानाशाही के चलते 2022 में प्रदेश में भाजपा का सफाया हो जाएगा। सम्मेलन के आयोजक रालोद नेता नोमान मसूद और हमज़ा मसूद ने सभी का आभार जताया। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारे और रालोद को मजबूत करने की अपील की।
सम्मेलन के दौरान अल्लाहुअकबर और हर हर महादेव के नारे भी गूंजते सुनाई दिए। इससे पूर्व गंगोह पहुंचने पर रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी का ज़ोरदार स्वागत किया गया। सम्मेलन को अंबेहटा चेयरमैन प्रतिनिधि चौ. इनाम शाकिर, संदीप वर्मा, चौधरी चरण सिंह आदि ने भी संबोधित किया।
