08 November, 2026 (Sunday)

कलेक्ट्रेट सभागार में मण्डलायुक्त ने विकास कर्यो की समीक्षा बैठक आवश्यक दिए निर्देश

महोबा, कलेक्ट्रेट सभागार में मण्डलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल बांदा दिनेश कुमार सिंह ने डीएम सत्येंद्र कुमार की उपस्थिति में महोबा जिले में ग्राम पंचायत सचिवालयों के निर्माण व संचालन, सामुदायिक शौचालयों के निर्माण व संचालन, खेत तालाब योजना के क्रियान्वयन, पेयजलापूर्ति, मत्स्य पालन, वृक्षारोपण, जल जीवन मिशन, हर घर नल, कोविड टीकाकरण आदि योजनाओं की गहन समीक्षा की।
ग्राम पंचायत सचिवालयों के संचालन को लेकर मण्डलायुक्त ने कहा कि ग्राम स्तर के अधिकारियों व कर्मचारियों की रोस्टर बनाकर इस प्रकार ड्यूटी लगायी जाए ताकि कम से कम जिम्मेदार अधिकारी प्रतिदिन ग्राम सचिवालय में बैठकर लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निदान कराए।जो कर्मचारी ड्यूटी न करे, उसे घर बैठा दीजिये।वीडियो कॉलिंग के माध्यम से बीडीओज प्रतिदिन ग्राम पंचायत सचिवालयों की हाजिरी चैक करें।उन्होंने कहा कि गांव के आदमी की समस्याओं का निदान गांव में ही किया जाए, उसे तहसील, कलेक्ट्रेट व कमिश्नरी के चक्कर न लगाने पड़ें।प्रत्येक ग्राम सचिवालय में लाउड स्पीकर लगाए जाएं ताकि लोगों को आसानी से सूचित किया जा सके।उन्होंने डीपीआओ को निर्देश दिए कि सामुदायिक शौचालय लगभग पूर्ण हो गए हैं, इनके संचालन के लिए स्वयं सहायता समूह में महिलाओं को तैनात किया जाए।गांव में पेयजलापूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त करायी जाए।उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जो भी क्षेत्र में दौरे पर जाए तो वह ग्राम सचिवालय में जरूर बैठे और वहां के रजिस्टर में निरीक्षण टिप्पणी अंकित करे।जल संरक्षण को लेकर जिले में किये जा रहे प्रयासों की सराहना व्यक्त करते हुए मण्डलायुक्त ने कहा कि जिले में मनरेगा से 2730 तथा भूमि संरक्षण विभाग से 1120 खेत तालाब खोदे जाने का जो लक्ष्य तय किया गया है, यह पूरा हो जाने पर जिले में पानी की कोई समस्या नहीं रहेगी।वर्तमान में जिले में मनरेगा से 1185 तथा भूमि संरक्षण से 61 तालाबों की खुदाई का कार्य किया जा रहा है।उन्होंने निर्देश दिया कि 15 जुलाई से पहले यह कार्य पूर्ण कर लिया जाए ताकि वर्षा का पूरा पानी संरक्षित किया जा सके।उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक तालाब के किनारे 1 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण किया जाए।
कोविड19 टीकाकरण को लेकर उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि जिस भी कर्मचारी व अधिकारी ने बिना किसी उचित कारण के वैक्सीनेशन नहीं कराया है उसका इस माह का वेतन आहरित न किया जाए।डीएम ने बताया कि जनपद में अभी तक 45 प्लस के 51% तथा 18-44 वर्ष के लगभग 8% लोगों ने ही वैक्सीनेशन कराया है।जुलाई में शतप्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन कराने के लिए कार्ययोजना तैयार की गयी है, जिसमें प्रत्येक टीकाकरण टीम को 2 ग्राम पंचायतें संतृप्त करने के निर्देश दिए गए हैं, इस प्रकार पूरे जनपद में 137 टीमें एक साथ टीकाकरण करेंगीं ताकि जुलाई माह में 18 प्लस के शतप्रतिशत लोगों का टीकाकरण कर जिले को पूरे प्रदेश में नई पहचान दिलायी जा सके।
सीडीओ डॉहरिचरन सिंह, सीएमओ डॉ एम के सिन्हा,एडीएम वित्त एवं राजस्व आरएस वर्मा एडीएम नमामि गंगे जुबेर वेग, एसडीएम सदर मो अवेश, डीपीआरओ संतोष कुमार, उपनिदेशक कृषि जी राम, पीडी डीएन पांडेय, सूचना अधिकारी सतीश यादव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी गण मौजूद रहे।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed