एसबीएम पीजी कालेज मे आयोजित वार्षिकोत्सव व पुरस्कार समारोह
कुशीनगर । सूबे के उच्च शिक्षा निदेशक डा. अमित भारद्वाज ने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ जीने वालों की सफलता कदम चूमती है। निरन्तर प्रयास सफलता की द्वार खोलती है। उन्होंने कहा कि जीवन में बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बाद भी मानवता से जुड़े रहना वाला ब्यक्ति ही देश और समाज को नई दिशा प्रदान करता है।
शिक्षा निदेशक श्री भारद्वाज फाजिलनगर स्थित एसबीएम पीजी कालेज मे आयोजित वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होनें इस महाविद्यालय में अपनें अल्प अध्यापन कार्यकाल के संस्मरणों का उल्लेख करते हुए तत्कालीन प्राचार्य धरणीधर द्विवेदी,डा.चंद्रमौली शुक्ल व प्रबंधक वागीश्वरीदयाल दीक्षित को याद किया और कहा कि जीवन में होने वाली छोटी छोटी घटनाएं ब्यक्ति को बड़ी सीख देती है। ऐसे में हमे हर छोटी बड़ी घटनाओं से कुछ सीखने का प्रयास करना चाहिए। श्री भारद्वाज ने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए
कहा कि सरकार सुबिधायें देती है लेकिन माता पिता व गुरु आपको संस्कार और शिक्षा देने का कार्य करते है। ऐसे में इनके प्रति आदर और सम्मान का भाव रखें।
बिशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डा. बालमुकुंद पाण्डेय ने कहा कि डिग्री धारण करने व ज्ञान अर्जित करने में काफी अंतर होता है। आज शिक्षा को नौकरी और व्यवसाय से जोड़कर देखा जाने लगा है. जिससे युवा ज्ञान के लेने के बजाय डिग्री लेने के होड़ में लग गए है। यह भारतीय संस्कृति और सभ्यता के लिए काफी घातक सावित हो रहा है.क्योंकि अच्छा ज्ञान आपके सम्पूर्ण चरित्र का निर्माण करता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय गोरखपुर के कुलपति प्रोफेसर राजेश सिंह ने कहा कि आप बदलते परिवेश के छात्र है। आज की शिक्षा राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय मांग के अनुरूप होना चाहिए. इसके लिए सभी को उसके अनुरूप तैयार करते हुए डिजिटल शिक्षा को अपनाना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि मेरा प्रयास है कि विश्वविद्यालय के सभी महाविद्यालयों में 25- 25 कम्प्यूटर से लैस एक इन्टरनेट कैफे तैयार किया जाय. जिससे सभी छात्र छात्राएं आनलाइन शिक्षा का लाभ ले सके। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप जलाकर किया गया. इसके बाद कुमारी मोहिनी व नेहा ने सरस्वती बन्दना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। महाविद्यालय के प्रबंध समिति के प्रबंधक शक्तिप्रकाश दीक्षित एवं प्राचार्य डा. ओंकारनाथ मिश्र ने संयुक्त रूप से सभी अतिथियों को अंगबस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डा. ज्योत्सना पाण्डेय ने किया। इस दौरान डा.कृष्णचंद्र चौरसिया,डा.शीला श्रीवास्तव,महात्मा प्रणव चतुर्वेदी,डा.प्रभाकर मिश्र पंकज,डा.विवेकानंद,डा.रविंद्रना थ त्रिपाठी,श्रवण कुमार,सुरेंद्रनाथ शुक्ल,अरुणेश शुक्ल,देवेंद्रनारायन तिवारी,अभिषेक पांडेय आदि उपस्थित रहे
*इनको किया गया सम्मानित*
एस.बी.एम.पी.जी.कालेज पावानगर,फाजिलनगर के वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में बीए फाइनल में सर्वाधिक अंक पाने वाली छात्रा कुमारी अंशिका तिवारी, एमए हिंदी से सर्वाधिक अंक पाने वाली छात्रा रम्भा यादव एमए समाजशास्त्र से शहाना खातून को सर्वाधिक अंक पाने पर,खेलकूद में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सतीश कुशवाहा, अजय प्रसाद, सुशील कुशवाहा, नीतू कुशवाहा व रागनी कुशवाहा को उदीयमान खिलाड़ी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इसके अलावे राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने पर शाहिना खातून, अन्नू कुमारी, सलेहा अंसारी, अंजली शर्मा, सुमन जायसवाल, मधु शर्मा, सलोनी, सोनाली शर्मा, निपू, सपना आदि को अतिथियों नें पुरस्कृत किया।
