07 November, 2026 (Saturday)

अमिताभ बच्चन भूल रहे चश्मा-मोबाइल, लेकिन कक्षा 8 की यादें अब भी हैं ताजा, बोले- ‘बस चीजें ढूंढ़ता रहता हूं!’

अमिताभ बच्चन ने अपने हालिया व्लॉग में अपनी उम्र से जुड़ी दिक्कतों के बारे में बात करते हुए बताया कि कैसे वह अक्सर ये बातें भूल जाते हैं कि उन्होंने अपना चश्मा या मोबाइल कहां रख दिया है, लेकिन अजीब बात ये है कि उन्हें अब भी अपने बचपन से जुड़ी बातें अच्छे से याद हैं।
अमिताभ बच्चन कितने ही व्यस्त क्यों न हों, सोशल मीडिया के लिए समय निकाल ही लेते हैं। कभी इंस्टाग्राम, कभी एक्स तो कभी व्लॉग के जरिए फैंस से अपनी फिल्मों और निजी जिंदगी से जुड़ी यादें साझा करते रहते हैं। अपने क्विज बेस्ड रियेलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में भी वह अक्सर पुराने दिनों के बारे में बात करते नजर आते हैं। हाल ही में उन्होंने शो में बताया था कि कैसे एक बार उन्हें कॉलेज कैंपस में लड़कियों ने छेड़ा था और इस घटना से उन्हें एहसास हुआ कि महिलाएं रोजाना किन परिस्थितियों से होकर गुजरती हैं। अब बिग बी फिर अपने एक पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपने व्लॉग में याददाश्त से जुड़ी दुविधा के बारे में बताया है। अपने हालिया व्लॉग में उन्होंने खुलासा किया कि वह कई बार अपना मोबाइल और चश्मा रखकर भूल जाते हैं, लेकिन बचपन से जुड़ी यादें अब भी उनके जेहन में ताजा हैं।
चीजें रखकर भूल जाते हैं अमिताभ बच्चन
मेगास्टार ने दिनचर्या में वापसी और रोजमर्रा की जिंदगी की अनिश्चितताओं पर एक बात करते हुए बताया कि कैसे वे कभी-कभी अपना चश्मा, मोबाइल फोन या अन्य चीजें रखकर भूल जाते हैं। कई बार तो वो ये भी भूल जाते हैं कि उन्हें अगला काम क्या करना है, लेकिन दूसरी तरफ स्कूल के दिनों की यादें अब भी उन्हें अच्छे से याद हैं। अमिताभ बच्चन ने अपने व्लॉग में लिखा, ‘दिनचर्या में धीरे-धीरे वापसी की कोशिश, काम और अन्य चीजों से भरी एक ऐसी जिंदगी जो नियंत्रित है। जब आप अपने रूटीन में होते हैं, तब आपको सब याद रहता है। लेकिन, जब आप रूटीन में नहीं होते रूटीन का भी अलग मिजाज बन जाता है। ऐसा मिजाज, जिसे समझना मुश्किल होता है और ये कभी एक जैसा नहीं रहता।’

आज भी ताजा हैं 66 साल पुरानी यादें
अमिताभ बच्चन अपने पोस्ट में आगे लिखते हैं- ‘अरे! मैंने चश्मा कहां रख दिया? मोबाइल कहां रख दिया और सबसे अहम बात… मुझे अगला काम क्या करना था? कुछ घंटे पहले किए काम जैसे कहीं खो जाते हैं। चश्मा-मोबाइल रखकर याद नहीं रहता, लेकिन 1960 में स्कूल की 8वीं कक्षा की बातें अब भी साफ-साफ याद हैं… 66 साल पुरानी बातें जैसे हथेली पर रखी हों… और अब तो बस चीजें ही ढूंढ़ता रहता हूं! हालांकि, व्लॉग पर लोगों से जुड़ने के लिए कभी कुछ नहीं ढूंढना पड़ता। ये तो हर दिन की प्रयोरिटी है। हर रविवार शुभकामनाएं देने वालों और केबीसी के दर्शकों को भी नहीं ढूंढना पड़ता, जो अपना प्यार और दिल को छू लेने वाली मौजूदगी देते हैं। आप सबके लिए मेरी प्रार्थनाएं हैं।’

अमिताभ बच्चन के अपकमिंग प्रोजेक्ट
अमिताभ बच्चन के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की बात करें तो अब वह प्रभास स्टारर ‘कल्किः 2898 एडी’ के सीक्वल में नजर आएंगे। इस फिल्म में वह अपना ‘अश्वत्थामा’ का किरदार दोहराते नजर आएंगे, जो उन्होंने पहले भाग में भी निभाया था। इस फिल्म में उनके साथ कमल हासन भी दिखाई देंगे। वहीं दीपिका पादुकोण इस फिल्म से अलग हो चुकी हैं। इसके अलावा ‘आंखें 2’ और ‘ब्रह्मास्त्रः पार्ट 2’ में भी वह दिखाई देंगे, लेकिन अभी इन फिल्मों को लेकर कोई अपडेट साझा नहीं किया गया है। फिलहाल वह अपने सबसे चर्चित शो केबीसी को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं। हाल ही में उनके शो में माधुरी दीक्षित ने शिरकत की, जिनसे बिग बी ने कई बातों पर चर्चा की और पुरानी यादें भी ताजा कीं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed