अमेरिका के डिफेंस पॉलिसी बिल पर ट्रंप ने लगाया वीटो, 28 को सदन में फिर जाएगा ये बिल
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 740 बिलियन डालर के डिफेंस पॉलिसी बिल पर वीटो लगा दिया है। ट्र्ंप ने कहा है कि इस बिल से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा है। यह पहला मौका है जब सर्वसम्मति से पारित किसी बिल पर राष्ट्रपति ने वीटो लगाया है।
पिछले सप्ताह ही 2021 के लिए नेशनल डिफेंस ऑथराइजेशन एक्ट (एनडीएए) को हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव और सीनेट दोनों में ही बहुमत के साथ पारित किया गया था। ट्रंप ने कहा है कि यह बिल राष्ट्रीय सुरक्षा के पैमानों पर खरा नहीं उतरता है। उन्होंने पूर्व में आपत्ति जताई थी कि इस बिल में कम्युनिकेशन डिसेंसी एक्ट की धारा 230 को निरस्त करने वाला प्रावधान नहीं है, जो फेसबुक और ट्विटर जैसी बड़ी कंपनियों को कानूनी सुरक्षा प्रदान करता है।
बिल में भारत-चीन तनाव का भी है जिक्र
बिल को उन्होंने चीन और रूस के लिए एक तरह से उपहार बताया। बिल में भारत-चीन तनाव का भी जिक्र है। बिल पर राष्ट्रपति ट्रंप का वीटो लगने के बाद उसको पास करने के लिए हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव और सीनेट में दो तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी।
ट्रंप के इस कदम की हाउस स्पीकर पेलोसी सहित कई सांसदों ने आलोचना की है। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह 28 दिसंबर को सदन द्विदलीय समर्थन से वीटो को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
हाउस आर्म्ड सर्विस कमेटी के चेयरमैन एडम चिफ ने कहा है कि ट्रंप के वीटो लगाने से तमाम दिक्कतें खड़ी हो जाएंगीं। इसका मतलब है कि ट्रंप सेना और उनके परिजनों की जरूरत के बारे में कोई चिंता नहीं करते हैं।
