माता के जागरण में दरोगा ने मंच पर चढ़ कर महिला डांसर को मारा थप्पड़, भीड़ के बीच लहराई पिस्टल
दरोगा द्वारा महिला डांसर के थप्पड़ मारते ही वहां हड़कंप मच गया। भीड़ अनियंत्रित हो गई। आनन-फानन में दरोगा ने अपनी पिस्टल निकालकर भीड़ की ओर लहरा दिया।
बिहार में बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी चौक पर दुर्गा स्थान में आयोजित भक्ति जागरण के दौरान पुलिस की दबंगई का मामला सामने आया है। ड्यूटी पर तैनात दरोगा अनिल कुमार झा ने मंच पर डांस कर रही महिला डांसर को थप्पड़ मारा और धक्का देकर नीचे उतार दिया। विरोध करने पर आक्रोशित ग्रामीणों के सामने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर लहराई और धमकाया। घटना के बाद भीड़ आक्रोशित हो गई और दरोगा से धक्का मुक्की कर दी। इसके बाद दरोगा ने पिस्टल निकाली और भीड़ पर तान दी।
सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी थी दरोगा के पास
पूरी घटना का वीडियो सामने सामने आया है। बताया जा रहा है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी चौक के पास आयोजित जागरण कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दरोगा को मिली थी। घटना मंगलवार देर रात तीन बजे के आसपास की है। जानकारी के मुताबिक, डांसर को थप्पड़ मारने से पहले दरोगा ने कार्यक्रम के आयोजक के साथ भी मंच पर पहुंचकर धक्का-मुक्की की थी।
कार्यक्रम बंद कराने पहुंचे दरोगा
देर रात तक चल रहे कार्यक्रम को दरोगा बंद कराने पहुंचे थे। दरोगा के कहने के बावजूद जब कार्यक्रम बंद नहीं हुआ तो वे मंच पर चढ़ गए। वहीं, एसपी मनीष ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र की वैष्णवी दुर्गा स्थान पानगाछी में पूजा पंडाल और मंच से संबंधित वायरल वीडियो मिला है।
जागरण के मंच पर हो रहा था अश्लील डांस
यह वीडियो में दिख रहा है कि वीडियो में दिख रहा है कि देर रात मंच पर कुछ डांसर अश्लील डांस कर रही है। अशोभनीय डांस करने से उत्पन्न अव्यवस्था को नियंत्रित करने के उद्देश्य से वहां पर तैनात पुलिस पदाधिकारी द्वारा मंच पर चढ़कर डांसर को हटाने तथा आयोजकों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति दिखाई दे रही है।
पिस्टल देख तितर-बितर हुई भीड़
दरोगा द्वारा महिला डांसर को थप्पड़ मारे जाने के बाद भीड़ में अफरा-तफरी मच गई थी। हर कोई इसका विरोध कर रहा था। दरोगा ने स्थिति को संभालते हुए अपनी वर्दी से पिस्टल निकाल ली और लोगों के बीच उसे लहरा दिया। ये देख वहां मौजूद भीड़ तितर-बितर हो गई।
