दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान पटना में चाकूबाजी, एक युवक की मौत, सड़क पर प्रतिमा और डीजे ट्रॉली छोड़ भागे लोग
पटना में विजयदशमी के मौके पर सरेआम चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। घटना पश्चिम दरवाजा की है जहां मूर्ति विसर्जन के दौरान झगड़ा हुआ और चाकूबाजी होने लगी। इस घटना के बाद लोग सड़क पर प्रतिमा और डीजे ट्रॉली छोड़कर भाग गए।
बिहार की राजधानी पटना में विजया दशमी के दिन चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। ये घटना खाजेकलां थाना में अशोक राजपथ पर पश्चिम दरवाजा के पास की है। मृतक की पहचान टिकिया टोली निवासी कुंदन कुमार के रूप में हुई है। वह नागेंद्र कुमार के पुत्र बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विजयादशमी के दिन पटना में चाकूबाजी
जानकारी के मुताबिक, विजयादशमी के दिन मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के लिए आयोजक भद्रघाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पश्चिम दरवाजा के पास डीजे ट्रॉली के साथ जा रहे जुलूस में विवाद हुआ और कुंदन कुमार पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना के बाद जुलूस में शामिल लोग डीजे ट्रॉली और मां दुर्गा की प्रतिमा को सड़क पर छोड़कर भाग निकले।
सड़क पर दुर्गा की प्रतिमा छोड़कर फरार हुए लोग
गंभीर रूप से घायल कुंदन को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सड़क पर प्रतिमा और डीजे ट्रॉली खड़ी रहने से अशोक राजपथ पर काफी लंबा जाम लग गया। विजयदशमी के अवसर पर प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। करीब एक घंटे तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर डीएसपी शिव शंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने खुद ट्रैक्टर चलाकर प्रतिमा को विसर्जन के लिए आगे बढ़ाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
डीजे प्रतिबंध के बावजूद निकला जुलूस
जिला प्रशासन की ओर से डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद विसर्जन जुलूस में डीजे ट्रॉली नजर आई। घटना ने विसर्जन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पटना सिटी की एसपी पूर्वी शैलजा ने बताया कि मामले में आयोजक पक्ष की भूमिका की जांच की जा रही है और संबंधित लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। एफएसएल टीम की मदद और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावर की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है
