06 June, 2026 (Saturday)

दो दिन बाद होने वाली क्‍वाड की बैठक है बड़ी खास, पहली बार आमने-सामने होंगे मोदी-सुगा-बाइडन

बाइडन प्रशासन में शुक्रवार को पहली बार होने वाली क्‍वाड की बैठक में कई अहम मुद्दों पर बातचीत होनी है। इस बैठक में अमेरिकी राष्‍ट्रपति जो बाइडन के अलावा पीएम नरेंद्र मोदी, ऑस्ट्रेलियाई पीएम स्कॉट मॉरिसन, जापान के पीएम योशिहिदे सुगा हिस्‍सा लेंगे। वर्चुअल तरीके से होने वाली इस बैठक में हिंद प्रशांत क्षेत्र को सभी की आवाजाही के लिए मुक्‍त करने पर बात होगी। इसके अलावा इसमें कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर उपजी समस्‍याओं और इसके निदान और जलवायु परिवर्तन पर भी बात होगी।

क्‍वाड की इससे पहले बैठक 6 अक्‍टूबर 2020 में हुई थी। इस बैठक से पहले पीएम मोदी और जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा की आपसी बातचीत भी हुई है। इस दौरान पीएम मोदी ने सुगा को वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन में शामिल होने का न्‍यौता भी दिया है। क्‍वाड की बैठक में पहली बाद ये दोनों नेता भी आमने सामने आने वाले हैं। क्‍वाड की अहमियत की बात करें तो चीन इसको सीधेतौर पर अपने लिए चुनौती मानता आया है। कई बार उसने ये बात कही भी है।

क्‍वाड दरअसल,दक्षिण चीन सागर जिसको चीन अपने अधिकार क्षेत्र में मानता है उसका विरोध करता है। दक्षिण चीन सागर पर अमेरिका और चीन कई बार आमने-सामने भी आ चुके हैं। क्‍वाड को लेकर होने वाली वर्चुअल बैठक के बाबत व्हाइट हाउस की प्रवक्ता जेन साकी ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने इसे बेहद अहम बताया है। उनका कहना है कि ये हिंद-प्रशांत में अमेरिकी सहयोगियों के साथ निकट सहयोग की अहमियत को दर्शाता है।

जवाहरलाल नेहरू के प्रोफेसर एचएस प्रभाकर भी मानते हैं कि क्‍वाड चीन को चुनौती देने के लिए बेहद अहम है। कोरोना काल में होने वाली ये बैठक इसलिए भी बेहद खास है क्‍योंकि बाइडन और सुगा देानों ही पहली बार इसमें शिरकत कर रहे हैं। उनके मुताबिक क्‍वाड को लेकर बाइडन की भी नीति काफी कुछ अपने पूर्व राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप की ही तरह होगी। चीन को लेकर भी बाइडन काफी कुछ वही राय रखते हैं जो ट्रंप रखते थे। आस्‍ट्रेलिया क्‍वाड के तहत हुए सैन्‍य अभ्‍यास में हिस्‍सा ले चुका है। चीन के खिलापु ये संगठन भविष्‍य में और मजबूत होगा। इसके अलावा इसके सहयोगी देशों में भी मुद्दों को लेकर विस्‍तार होगा।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *