तो क्या सुरेश रैना समेत इन चार भारतीय क्रिकेटर्स का आइपीएल करियर हुआ खत्म!
आइपीएल 2022 की मेगा नीलामी एक तरफ जहां कई खिलाड़ियों के लिए खुशियां लाया तो वहीं कई खिलाड़ियों को मायूसी हाथ लगी। इस नीलामी में कई ऐसे भारतीय क्रिकेटर्स भी रहे जिन्हें किसी भी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा और अब शायद उनका आइपीएल करियर खत्म हो गया। इन चार भारतीय क्रिकेटर्स में सुरेश रैना, ईशांत शर्मा, पीयूष चावला और अमित मिश्रा शामिल हैं। इस नीलामी में इन चारों खिलाड़ियों को पहले राउंड में तो किसी ने नहीं खरीदा था, लेकिन दूसरे राउंड में भी इनका नाम नहीं लिया गया।
इनमें से सुरेश रैना, पीयूष चावला और अमित मिश्रा अब भारतीय टीम का हिस्सा नहीं रहे तो वहीं ईशांत शर्मा टेस्ट टीम में खेलते हैं, लेकिन अब टेस्ट क्रिकेट में भी उनका मामला कुछ ठीक नहीं चल रहा है। इन्हें नहीं खरीदने के पीछे इनकी उम्र सबसे बड़ी वजह है साथ ही इन खिलाड़ियों ने अपनी फ्रेंचाइजियों के लिए पिछले सीजन में कुछ खास नहीं किया या फिर बेंच पर ही बैठे रहे। रैना ने पिछले सीजन में काफी खराब प्रदर्शन किया था तो वहीं अमित मिश्रा को खेलने का मौका ही नहीं मिला। वहीं पीयूष चावला और ईशांत शर्मा को भी ज्यादा मौके नहीं मिले। जाहिर है अब टीमें इनसे आगे जाने का सोच रही है और इसी का परिणाम था कि इन पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
हालांकि एक संभावना ये है कि किसी के चोटिल वगैरह होने पर इन्हें शायद टीम में लिया जाए, लेकिन ये भी ज्यादा वक्त के लिए टीम में अपनी बढ़ती उम्र की वजह से नहीं टिक पाएंगे। इन हालात में इन चारों खिलाड़ियों का आइपीएल करियर खत्म ही है। रैना की बात करें तो उन्होंने आइपीएल में 205 मैचों में 5528 रन बनाए थे। वहीं अमित मिश्रा ने 154 मैचों में 166 विकेट लिए थे। पीयूष चावला ने 165 मैचों में 157 विकेट लिए थे तो इशांत शर्मा ने 93 मैचों में 73 विकेट लिए थे।
