कराची टेस्ट मैच में पाकिस्तान को मिला सिर्फ 88 रन का लक्ष्य, साउथ अफ्रीका की हालत खराब
Pak vs SA: मेजबान पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का पहला मैच कराची में खेला जा रहा है, जिसमें मेहमान टीम की हालत बेहद खराब है। पाकिस्तान को पहला टेस्ट मैच जीतने के लिए सिर्फ 88 रन बनाने हैं, क्योंकि प्रोटियाज टीम अपनी दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत हासिल करने के बाद भी सिर्फ 245 रन ही बना सकी और सभी विकेट खो दिए।
इस मैच में साउथ अफ्रीका की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी और टीम ने 69.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 220 रन बनाए थे, जिसमें डीन एल्गर का अर्धशतक शामिल था। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम ने अपनी पहली पारी में फवाद आलम के शतक, अजहर अली और फहीम अशरफ के अर्धशतकों के दम पर 119.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 378 रन बनाए थे। इस पाकिस्तान को 158 रनों की बढ़त मिली थी।
इस बढ़त के जवाब में आगे खेलते हुए साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी 100 से ज्यादा ओवर खेलने के बाद भी सिर्फ 245 रन बनाकर ढेर हो गई। इस पारी में प्रोटियाज टीम की ओर से एडन मार्क्रम ने 74 और रासी वैन डर दुसें ने 64 रन बनाए, लेकिन टीम को इस बार मध्य क्रम से साथ नहीं मिला। यही कारण रहा कि अब साउथ अफ्रीका के पास स्कोर बोर्ड पर सिर्फ 87 रन हैं। पाकिस्तान को जीत के लिए 88 रन बनाने हैं।
