06 June, 2026 (Saturday)

इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने इमरान को दिखाया आईना, मुख्य न्यायाधीश की टिप्पणी- भ्रष्ट हो गई है पाक की शासन व्यवस्था

विपक्ष के निशाने पर आए इमरान खान को अब अदालतों की तल्‍खी का भी सामना करना पड़ रहा है। इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने पाकिस्तान की शासन व्यवस्था पर गंभीर टिप्पणी की है। हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अतहर मिनाल्ला ने कहा, पाकिस्तान की शासन व्यवस्था भ्रष्ट हो चुकी है। इसलिए जनता को सस्ता और शीघ्र न्याय उपलब्ध नहीं है। मुख्य न्यायाधीश की पीठ राजधानी इस्लामाबाद में अपराधों की बढ़ी स्थिति पर चर्चा कर रही थी।

इस दौरान न्याय प्रक्रिया में रुकावटों पर चर्चा की गई। मुख्य न्यायाधीश अतहर मिनाल्ला ने कहा कि जिला अदालतों में आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और रिश्वत देनी पड़ती है। अदालत में मौजूद प्रधानमंत्री के जवाबदेही और आंतरिक मामलों के सलाहकार मिर्जा शहजाद अकबर ने कहा कि वह हाईकोर्ट की टिप्पणी और पूरे मामले से प्रधानमंत्री इमरान खान को अवगत कराएंगे।

हाईकोर्ट ने अकबर से कहा कि आप सरकार के जवाबदेही मामलों के सलाहकार हैं। आप खुद जवाबदेही अदालतों में जाइए और देखिए वहां क्या हालात हैं। वहां के न्यायाधीशों के पास स्टाफ नहीं है। यहां तक कि न्यायाधीशों का व्यक्तिगत स्टाफ नहीं है जिनके जरिये वे आदेश लिखवा सकें जबकि इन अदालतों पर काम का भारी बोझ है।

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान में जवाबदेही अदालतें ही भ्रष्टाचार के मामलों की सुनवाई करती हैं। जस्टिस मिनाल्ला ने कहा, सुप्रीम कोर्ट का निर्देश है कि अदालतें रोज सुनवाई कर मामलों को जल्द खत्म करें। न्यायाधीश भी रात-दिन काम कर लोगों को जल्द न्याय दिलाने के लिए तैयार हैं लेकिन उन्हें सहयोगी स्टाफ मिलना चाहिए। देश की शासन व्यवस्था भ्रष्ट हो चुकी है। बीते 40 सालों से जरूरतों की अनदेखी हो रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *