इस पाकिस्तानी क्रिकेटर ने दावा करते हुए बताया कि क्यों वो हरभजन सिंह से हैं बेहतर बल्लेबाज
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी उमर गुल ने अपनी तुलना पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह से करते हुए कहा कि मैं उनसे बेहतर बल्लेबाज हूं। गुल ने बताया कि उन्होंने वर्ल्ड कप के एक मुकाबले में अपनी बल्लेबाजी के दम पर मैन आफ द मैच का अवार्ड हासिल किया था हालांकि इसके बाद उनके साथ कभी ऐसा नहीं हुआ। गुल को साल 2012 में टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 17 गेंदों पर 32 रन की पारी खेलने का कारण मैन आफ द मैच का खिताब मिला था। इस मैच में उन्होंने 19 रन देकर एक विकेट भी लिया था।
उमर गुल ने कहा कि हरभजन सिंह ने भी अच्छी बल्लेबाजी की है, लेकिन मैंने अपनी बल्लेबाजी के लिए विश्व कप के एक मैच में प्लेयर आफ द मैच का खिताब जीता है। इसका मतलब है कि जब बल्लेबाजी की बात आती है तो मैं हरभजन सिंह से बेहतर हूं। वैसे कुल मिलाकर हरभजन सिंह उमर गुल की तुलना में ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने 236 वनडे मैचों में 1237 रन बनाए थे जबकि गुल ने वनडे के130 मैचों में 457 रन बनाए थे। वहीं उमर गुल ने 60 टी20 मैचों की 27 पारियों में 165 रन बनाए थे तो भज्जी ने 28 मैचों की 13 पारियों में कुल 108 रन बनाए थे।
आपको बता दें कि हरभजन सिंह ने 24 दिसंबर 2021 के दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा कर दी थी और इसके साथ ही उनके 23 साल लंबे क्रिकेट करियर का अंत हुआ था। वो आखिरी बार मार्च 2016 में भारत के लिए एशिया कप में ढाका में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में खेले थे। दूसरी ओर, पाकिस्तानी तेज गेंदबाज उमर गुल ने अक्टूबर 2020 में क्रिकेट के सभी रूपों से रिटायरमेंट ले ली थी। वह 2007 में टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में पाकिस्तान की ओर से सबसे अधिक विकेट लेने वाले और 2009 में टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे।
