06 June, 2026 (Saturday)

Himachal Pradesh: 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं और विश्वविद्यालयों की यूजी परीक्षाएं 17 मई तक स्थगित

Himachal Pradesh Board and UG Exams 2021: कोविड-19 के फिर से लगातार बढ़ते जा रहे संक्रमण के कारण रोकथाम के लिए एक के बाद एक राज्यों में स्कूलों की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं और विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों की परीक्षाएं स्थगित की जा रही हैं। इसी क्रम में हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी बुधवार को स्कूलों और विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं को महामारी के बीच आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं की। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (एचपीबीओएसई) ने राज्य सरकार के शिक्षा सचिव से प्राप्त निर्देशों के अनुसार कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए परीक्षार्थियों की सुरक्षा के उद्देश्य से चल रही 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के तत्काल प्रभाव से 17 मई 2021 तक के लिए स्थगित कर दिया है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में मैट्रिक और जमा दो की बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत 13 अप्रैल से हुई थीं।

हिमाचल प्रदेश बोर्ड द्वारा जारी नोटिस के अनुसार परीक्षाओं के आयोजन में लगे सभी स्टाफ और फिलहाल छुट्टी दे दी गयी है और परीक्षाओं के क्वेश्चन पेपर, आंसर शीट अन्य परीक्षा सामग्रियों को स्कूल सेंटर कोऑर्डिनेटर/प्रिंसिपल की सुरक्षा में रखे जाने के निर्देश दिये गये हैं। बोर्ड ने इसके साथ ही मैट्रिक और जमा दो की बची परीक्षाओं के लिए नई डेटशीट बाद में जारी किये जाने की सूचना दी है।

दूसरी तरफ, हिमाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा विभाग ने राज्य में स्थित विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में स्नातक स्तर की परीक्षाओं को भी 17 मई 2021 तक के लिए स्थगित कर दिया है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के अपडेट के अनुसार कोविड-19 के मामलों में तेजी से बढ़ोत्तरी को देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने बोर्ड परीक्षाओं और उच्च शिक्षा संस्थानों में 17 अप्रैल से शुरू होने वाली यूजी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *