हिम्मत पैड बैंक की लोगों ने की सराहना
लखनऊ। मिशन शक्ति को कारगर बनाते हुए सृजन फाउंडेशन के माहवारी स्वच्छता अभियान ‘हिम्मत’ के अंतर्गत ग्रामीण परिवेश के विद्यालयों में ’हिम्मत पैड बैंक’ खोले जा रहे हैं ताकि किशोरियों को कम रेट में और आसानी से पैड्स की उपलब्धता हो सके।
इसी क्रम में गुरुवार को पांचवे पैड बैंक का उद्घाटन लखनऊ के गोसाईगंज ब्लॉक स्थित अमेठी पब्लिक स्कूल में डीसीपी महिला अपराध रुचिता चैधरी, एसीपी गोसाईगंज एवं महिला अपराध स्वाति चैधरी के हाथों फीता काट कर किया गया। डीसीपी महिला अपराध रुचिता चैधरी ने छात्राओं को मिशन शक्ति के सभी पहलुओं से अवगत कराया। एसीपी गोसाईगंज एवं महिला अपराध स्वाति चैधरी ने छात्राओं के प्रश्नों का जवाब देते हुए उन्हें यह बताया कि वे जिस भी क्षेत्र में जाना चाहती हैं, उसी के लिए जी जान से प्रयास करें, एक दिन सफलता निश्चित मिलेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने संस्था के हिम्मत पैड बैंक की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के पैड बैंक ज्यादा से ज्यादा जगहों पर खोले जाने चाहिए। महावारी एक ऐसा विषय रहा है जिस पर कोई भी बात करने से हिचकिचाता था और इस प्रकार के प्रयास से यह हिचकिचाहट दूर होगी। मुख्य अतिथि के द्वारा पैड बैंक की चाबी छात्रा शांति कनौजिया को सौंपी गयी और उनको एक माह के लिए पैड बैंक का मैनेजर नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर सृजन फाउंडेशन के संरक्षक मनोज सिंह चैहान, इंस्पेक्टर महिला अपराध शाखा शारदा चैधरी, स्कूल के प्रबंधक गुलाम साबिर, उपप्रबंधक निहाल अहमद, प्राचार्य असित कुमार मिश्र, शिक्षिका सबा मिर्जा, ब्रेकथ्रू संस्था से नितेश एवं अंजली एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
