23 July, 2026 (Thursday)

कांग्रेस के कुछ नेता भी पीएम की सुरक्षा को मान रहे सर्वोपरि, कुछ उठा रहे सवाल, जानें किसने क्‍या कहा

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के साथ ही हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पंजाब की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। सुरक्षा के मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। दूसरी ओर, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने इस मामले में सवाल उठाए हैं।

कमलनाथ बोले- पीएम की सुरक्षा महत्वपूर्ण

कमल नाथ ने गुरुवार को भोपाल में मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि देश का प्रधानमंत्री कोई भी हो, उसकी सुरक्षा महत्वपूर्ण है। चाहे वह नरेन्द्र मोदी हों या फिर राजीव गांधी होते। पूरा विश्व हमारी ओर देख रहा है और कह रहा है कि यह ऐसा देश है, जो अपने प्रधानमंत्री की सुरक्षा नहीं कर सकता। सुरक्षा संबंधी चूक की जांच केंद्रीय गृह मंत्रालय और राज्य सरकार द्वारा करवाई जा रही है। उसमें सब सामने आ जाएगा। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) करता है और अंतिम फैसला भी उसका ही होता है। इसमें राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का भी हस्तक्षेप नहीं होता है। उन्हें एसपीजी का निर्णय मानना होता है। अब भाजपा को हर बात के लिए कांग्रेस ही जिम्मेदार दिखाई देती है तो यह ठीक नहीं है।

फिर तो कोई भी सुरक्षित नहीं : भूपेंद्र सिंह हुड्डा

अपने रिश्तेदार के निधन पर शोक जताने झुंझुनूं पहुंचे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अगर देश के पीएम की सुरक्षा में कमी है तो फिर कोई भी सुरक्षित नहीं है। पीएम की सुरक्षा में कमी नहीं रहनी चाहिए थी । उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों को अब तक केंद्र सरकार ने पूरी तरह से नहीं माना है। इसलिए उनमें नाराजगी तो है, लेकिन पीएम की सुरक्षा जरूरी है।

पीएम द्वारा दिया गया संदेश दुर्भाग्यपूर्ण: गहलोत

इस मामले में गहलोत ने कहा कि आजादी के बाद पंजाब में पहली बार दलित मुख्यमंत्री बना है, जिसका पूरा देश स्वागत कर रहा है, लेकिन उन्हें लेकर प्रधानमंत्री जिस तरह का संदेश दे रहे हैं, वह गलत है। पीएम द्वारा पंजाब के अधिकारियों को यह कहना कि अपने सीएम को धन्यवाद कहना कि मैं जिंदा लौट पाया, पीएम द्वारा इस तरह का संदेश देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पीएम की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी और आइबी की होती है। ऐसे में इन दोनों ही एजेंसियों के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। पत्रकारों से चर्चा के दौरान गहलोत ने यह भी कहा कि भाजपा और आरएसएस के खून में ही हिंसा और कांग्रेस के खून में अहिंसा है।

राजनीति चमकाने गए थे पीएम: बघेल

बघेल ने कहा कि सुरक्षा सिर्फ एक बहाना है, प्रधानमंत्री पंजाब में राजनीति चमकाने गए थे। पहले भी प्रधानमंत्री कई बार जाम में फंस चुके हैं, तब भाजपा केलोग कहते थे कि प्रधानमंत्री आम आदमी हैं। प्रधानमंत्री इस घटना पर विशुद्घ रूप से राजनीति कर रहे हैं। यह भाजपा द्वारा तैयार की गई स्कि्रप्ट है, जिसका मकसद चुनी हुई पंजाब सरकार को बदनाम करना है। उन्होंने सवाल किया कि केंद्रीय एजेंसियों एसपीजी, आइबी और मौसम विभाग केखिलाफ अब तक क्या कार्रवाई हुई?

15-20 मिनट रुकना पड़ा तो हाहाकार मच गया: सिद्धू

गुरुवार को बरनाला में कांग्रेस की ओर से आयोजित रैली में सिद्धू ने कहा कि हमारे किसान डेढ़ साल तक दिल्ली की सड़कों पर परेशान होते रहे, तब कोई क्यों नहीं बोला। प्रधानमंत्री को 15-20 मिनट रुकना पड़ा तो चारों तरफ हाहाकार मच गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed