06 August, 2026 (Thursday)

कार से भिड़ी बाइक, एक युवक उछलकर बोनट पर, दूसरा गाड़ी के पीछे जा गिरा; आबूरोड का डरावना हादसा CCTV में कैद

आबूरोड में कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें कार से टकराने के बाद बाइक सवार युवक कई फीट दूर उछलकर सड़क पर गिरता साफ दिख रहा है।
राजस्थान के सिरोही जिले के आबूरोड शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। आबूरोड रेलवे स्टेशन के बाहर बीच बाजार तेज गति से आ रही एक बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चालक कार के बोनट पर जा गिरा, जबकि पीछे बैठा युवक उछलकर कार को फांदते हुए सड़क पर जा गिरा। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। ये घटना 3 अगस्त सोमवार शाम 6.45 बजे की है। इसका वीडियो अब सामने आया है।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और घायलों की मदद की। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और यातायात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई। इस घटना ने एक बार फिर शहर में बेलगाम रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे स्टेशन जैसे अत्यधिक व्यस्त क्षेत्र में तेज गति से वाहन चलाना न केवल स्वयं के लिए बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बनता जा रहा है।
तेज रफ्तार के चलते हुए इस भीषण हादसे कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर आबूरोड में बीच बाजार तेज रफ्तार पर अंकुश कब लगेगा? मनचलों की जानलेवा ड्राइविंग पर पुलिस कब सख्त कार्रवाई करेगी? क्या ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए? यह हादसा साफ संदेश देता है कि सड़क पर एक पल की लापरवाही भी किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।

वहीं, एक अन्य मामले में झुंझुनूं में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर कई पलटियां खाते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *