10 September, 2026 (Thursday)

बिग बाइट रेस्‍तरां में रिसेप्शन के दौरान तीन लाख के नोटों से भरा बैग उड़ाया, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

मेरठ में दिल्ली हाईवे स्थित बिग बाइट होटल एवं रेस्तरां में शादी के रिसेप्शन के दौरान बदमाशों ने तीन लाख की नकदी और कीमती ज्वैलरी से भरा बैग उड़ा दिया। पीडि़त परिवार की तरफ से परतापुर पुलिस को तहरीर दी गई। पीडि़त का आरोप है कि होटल के कर्मचारी की शह पर बच्चा गैंग ने बैग चोरी किया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर होटल की सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है।

यह है मामला

मंगलवार को ब्रह्मपुरी के रहने वाले आरिफ के बेटे की शादी का रिसेप्शन बिग बाइट होटल में चल रहा था। देर रात होटल के अंदर से आरिफ का बैग चोरी हो गया। बैग में तीन लाख की नकदी और ज्वैलरी रखी हुई थी। पुलिस ने होटल के कर्मचारियों से भी पूछताछ की है। इंस्पेक्टर शैलेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि बच्चा गैंग की तलाश में पुलिस की एक टीम लगा दी गई है। पुलिस जल्द ही बैग बरामद कर लेगी।

होटल कर्मी का हाथ नहीं

वहीं, होटल स्वामी कोनार्क ने बताया कि बैग चोरी में होटल के किसी भी कर्मचारी का हाथ नहीं है। कर्मचारियों की तलाशी लेकर ही उन्हेंं ड्यूटी से छोड़ा जाता है। बच्चा गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया है। बता दें कि डेढ़ माह पहले होटल ब्रावुरा से भी बैग चोरी हो गया था। पुलिस अभी तक बच्चा गैंग को पकड़ नहीं पाई है।

इनका कहना है

बिग बाइट में शादी के रिसेप्शन के दौरान तीन लाख की नकदी से भरा बैग चोरी हो गया है। पुलिस को मुकदमा दर्ज कर वारदात का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

– विनीत भटनागर, एसपी सिटी

महिला से पर्स और कुंडल लूटा

मेरठ : बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रही महिला से दिल्ली रोड पर परतापुर थाने के पास बदमाशों ने पर्स और कुंडल लूट लिया। राहगीरों ने पीछा भी किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। पुलिस ने भी कांबिंग की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परतापुर थाना क्षेत्र के कताई मिल निवासी आरती बुधवार सुबह दिल्ली रोड पर स्थित कैनरा बैंक से रुपये निकालने गई थीं। पांच हजार रुपये लेकर वह घर की ओर जा रही थीं।

लूट नहीं ठगी का मामला

थाने के पास दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उनका पर्स और एक कुंडल लूट लिया। पीडि़ता के शोर मचाने पर कुछ लोग बदमाशों के पीछे दौड़े, लेकिन वह हाथ नहीं आए। पीडि़ता ने बताया कि पर्स में पांच हजार रुपये, एटीएम और जरूरी कागजात थे। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के साथ लूट नहीं ठगी हुई है। दो युवकों ने बातों में उलझाकर उनसे पर्स और कुंडल ले लिए। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed