शाम तक साबरमती जेल पहुंच जाएगा अतीक, पत्नी शाइस्ता परवीन की जमानत याचिका पर आज सुनवाई
उमेश पाल अपहरणकांड में उम्रकैद की सजा मिलने के बाद माफिया डॉन अतीक अहमद को वापस साबरमती जेल भेजा जा रहा है। यूपी पुलिस की प्रिजन वैन अतीक को लेकर झांसी के रास्ते एमपी में शिवपुरी होते हुए अब कोटा की तरफ बढ़ रही है। उम्मीद है आज शाम तक अतीक को गुजरात के साबरमती जेल पहुंचा दिया जाएगा। अतीक अहमद को लेकर यूपी पुलिस का काफिला मंगलवार शाम 8.35 मिनट पर साबरमती के लिए रवाना हो गया। उसे नैनी जेल से वापस साबरमती जेल ले जाया जा रहा है। इस काफिले में 24 पुलिसकर्मी शामिल हैं। इससे पहले अतीक का हेल्थ चेकअप भी कराया गया और उसे डॉक्टर ने BP की कुछ दवाएं दी हैं।
अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन की जमानत याचिका पर आज सुनवाई
अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन की जमानत याचिका पर आज सुनवाई होगी। बीते महीने में अतीक के बेटे असद ने अपने साथियों के साथ मिलकर उमेश पाल पर गोलियां बरसा कर हमला कर दिया था। शाइस्ता परवीन पर 25 हजार रुपये का ईनाम है।
डरा-सहमा हुआ है अतीक अहमद
थोड़ी देर पहले राजस्थान के बारां के पेट्रोल पंप पर यूपी पुलिस का काफिला रुका था। कुछ देर रुकने के बाद ये काफिला निकल गया है लेकिन रास्ते में जब-जब पुलिस का काफिला रुक रहा है तब-तब अतीक फिर डरा-सहमा और परेशान दिख रहा है।
प्रिजन वैन अतीक को लेकर राजस्थान पहुंची
यूपी पुलिस की प्रिजन वैन अतीक को लेकर यूपी और एमपी के बाद अब राजस्थान में एंटर कर गई है। उम्मीद है आज शाम तक अतीक को गुजरात के साबरमती जेल पहुंचा दिया जाएगा।
अपहरण फर्जी था, बेवजह फंसाया गया- अतीक
चित्रकूट पुलिस लाइन में काफिला रुकने पर मीडिया से बातचीत में अतीक अहमद ने कहा कि हम हाई कोर्ट जाएंगे। उसने दावा किया कि अपहरण फर्जी था, सभी को बेवजह फर्जी फंसाया गया है।
