पनसरवा – बरमपुर मार्ग मरम्मत के लिए ग्रामीणों ने आयोजित की चेतावनी सभा
(कुशीनगर )। कसया-तमकुहीरोड वाया तुर्कपट्टी स्टेट हाइवे के पनसरवा चौराहा से बरमपुर गांव जाने वाली सड़क अत्यंत दयनीय हालत में है। बिखरी गिट्टियां व गड्डों वाली सड़क पर ग्रामीण खतरे की आशंका के बीच आवागमन करते हैं। विभागीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाकर थक चुके ग्रामीण आक्रोशित हैं। आजिज ग्रामीणों ने फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को चेतावनी सभा कर सड़क मरम्मत की मांग करते हुए अन्यथा की दशा में आंदोलन की चेतावनी दी। सभा को सम्बोधित करते हुए मनोज सिंह ने कहा कि जब हम पेट्रोल, डीजल व गाड़ियों को खरीदने में सरकार को भारी टैक्स अदा कर रहे हैं फिर हमें खराब सड़क क्यों ? सभा में आंदोलन की रणनीति पर चर्चा करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते हमारी मांगे नही मानी गई तो आंदोलन तय है। मजबूर ग्रामीण पहले एकदिवसीय धरना करेंगे फिर बृहद जनांदोलन किया जाएगा। सभा में ज्ञापन तैयार कर ग्रामीणों का हस्ताक्षर कराया गया। इस दौरान विनोद यादव उर्फ गुड्डू, रमाकांत सैनी, मनोहर शर्मा, राममिलन सैनी, अलगू प्रसाद, जग्गन यादव, पप्पू सैनी, बबलु ठाकुर, श्याम कुमार, सन्तोष यादव, मुकेश यादव, सिकेन्द्र यादव, आनन्द कुमार यादव, देवीलाल यादव, विंध्याचल गोंड़, शरीफ अंसारी अमरजीत यादव, छोटेलाल यादव, फूलना यादव, भृगुन प्रसाद आदि मौजूद रहे।
