06 June, 2026 (Saturday)

किसानों को मार्केटिंग के गुर सिखाएगा BBAU, कुलप‍ति बोले- किसानों के हित में है नया कृषि कानून

बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (BBAU)में मंगलवार को कृषि बाजार और कृषि उत्पाद को लेकर आयोजित राष्ट्रीय कांफ्रेंस में किसानों को मार्केटिंग के बारे में जानकारी देने पर जोर दिया गया। अंबेडकर विवि के अर्थशास्त्र विभाग और इंडियन सोसाइटी ऑफ एग्रीकल्चरल मार्केटिंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 34वें राष्ट्रीय कांफ्रेंस में अंबेडकर विवि के कुलपति प्रो. संजय सिंह ने कहा कि कृषि उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना आवश्यक है। यह किस प्रकार संभव होगा? कैसे किसान अपना उत्पाद बेचकर लाभ प्राप्त करे? इस विषय में किसानों के पास जानकारी होना आवश्यक है। विश्वविद्यालय इस दिशा में हर संभव मदद करेगा। कुलपति ने विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए पांच गांवों और उसके सतत विकास के लिए विवि द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी सभी को जानकारी दी।

इससे पहले मुख्य वक्ता शामिल हुए मुंबई से आए प्रो. महेंद्र देव ने भारतीय कृषि के बदलते स्वरूप, हाल ही में बदले कृषि कानूनों और कृषि विपणन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हाल ही में कृषि कानूनों से संबंधित जो भी बदलाव हुए हैं,वह किसानों के हित में हैं। खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में और अधिक काम करने और इस दिशा में किसानों को प्रशिक्षण देने की आवश्यकता है।

मंडी परिषद के निदेशक अंजनी कुमार ने कहा हमें किताबी ज्ञान से उठकर व्यावहारिक कौशल सीखना चाहिए। हमें छोटे और सीमांत किसानों के विकास के लिए प्रयास करना चाहिए। किसानों की आय बढ़ाने के लिए हमें मंडी को किसानों की दहलीज तक ले जाना पड़ेगा। डा. जेएस यादव, डा.टी सत्यनारायण,डा. एस चौहान,प्रो. राणा प्रताप सिंह व प्रो. एलसी मलैया ने कृषि विपणन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *