महुअवां कारखाना ने जीता पहला सेमीफाइनल मैच द्वितीय बंगरा दुमही प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का नौवां दिन
कुशीनगर। तमकुही विकास खंड के ग्राम पंचायत बरवा राजापाकड़ के सीताराम चौराहा पर स्थित खेल मैदान में बीडीपीएल क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में द्वितीय बंगरा-दुमही प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के नौवें दिन खेले गए प्रथम सेमीफाइनल मैच में महुअवां कारखाना ने बसंतपुर को 12 रनों से पराजित कर फाइनल में स्थान सुरक्षित कर लिया। सोमवार को खेले गए मैच में टास हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए महुअवां कारखाना की टीम ने 11.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 70 रन बनाकर विरोधी टीम को जीत के लिए 71 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बसंतपुर की टीम भी 11.1 ओवर में महज 58 रन पर आलआउट हो गई। इस प्रकार महुअवां कारखाना 12 रनों से मैच जीत फाइनल में पहुंच गई। तीन ओवर में सिर्फ आठ रन देकर तीन विकेट लेने वाले महुअवां कारखाना के गेंदबाज वीरेंद्र मैन आफ दी मैच चुने गए। विपिन व नेहरु आर्य ने अंपारिंग, अमित कुमार ने स्कोरिंग तथा अरविंद व कामोद ने कमेंट्री की। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य वीके सिंह ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष केन यूनियन के संचालक सत्येंद्र उर्फ गुड्डू शुक्ल, जितेंद्र गुप्ता, अरविंद कुमार, आशुतोष राय, विवेक गोंड, कामोद, जहीर, विपिन कुमार, पीयूष, कवींद्र शुक्ल आदि मौजूद रहे।
