कोटे की जांच में घटतौली व रेट से अधिक मूल्य लेने की पुष्टि
( सिद्धार्थनगर )। बढनी ब्लाक के ग्राम पंचायत रेकहट में कोटेदार के विरुद्ध ग्रामीणो ने जिलाधिकारी को उचित दर विक्रेता के विरूद्ध घटतौली, रेट से अधिक वसूली तथा कार्ड धारकों को यूनिट से कम राशन देने का शिकायती पत्र देकर जांच की मांग किया था। कार्ड धारकों के शिकायत पर जांच करने पहंुचे पूर्तिनिरीक्षक शोहरतगढ ने शिकायत कर्ताओं का बयान दर्ज करते हुए कहा कि उचित दर विक्रेता द्वारा कार्ड धारकों से निर्धारित रेट से राशन का अधिक मूल्य लेने व कार्ड धारकों द्वारा घर पर राशन तौलने पर एक व दो किग्रा कम होने की बात सामने आयी है।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत रेकहट में कोटेदार द्वारा कार्ड धारकों से रेट से अधिक राशन का धन लेना, घटतौली व यूनिट से कम राशन देना आदि बिन्दुओ पर ग्रामीण राशन कार्ड धारकों ने शिकायती पत्र जिलाधिकारी को सौपकर जाँच की माँग की थी। उक्त शिकायती पत्र को संज्ञान में लेते हुए डीएम ने कोटेदार द्वारा की जा रही अनियमितता व धांधली की जाँच पूर्ति निरीक्षक शोहरतगढ को सौपी।
पूर्ति निरीक्षक शोहरतगढ संजीत कुमार गौतम ने बताया कि ग्राम पंचायत रेकहट में जाँच के दौरान कोटेदार द्वारा निर्धारित रेट से अधिक राशन का पैसा लेने तथा कार्ड धारकों द्वारा राशन घर पर ले जाकर तौल करने पर एक व दो किग्रा राशन कम होने की खामियां उजागर हुई हैं जिसकी जाँच रिपोर्ट उच्चाधिकारियो को अग्रसारित कर दिया गया है। जाँच के दौरान लोगों ने जमकर हंगामा काटा।
ग्राम प्रधान खुर्शीद ने बताया कि कोटेदार द्वारा काफी दिनों से की जा रही अनियमितता के विरुद्ध उक्त ग्राम पंचायत के अकराम, शकील, नसीबदार सहित तीन दर्जन से अधिक राशन कार्ड धारकों ने नोटरी शिकायती पत्र जिलाधिकारी को सौंपकर जांच की मांग की थी। कहा कि जांच के दौरान नोटरी शिकायत कर्ताओ से जांच अधिकारी द्वारा उनका बयान नहीं लिया गया। उचित दर विक्रेता खलील ने बताया कि प्रधान द्वारा द्वेषवश मेरे साथ ऐसा कृत्य कराया जा रहा है।
