06 June, 2026 (Saturday)

श्रीलंका दौरे के तुरंत बाद इंग्लैंड जा सकता है ये भारतीय ओपनर, चयनकर्ताओं ने दिए संकेत

भारतीय क्रिकेट के इतिहास में पहली बार है, जब दो भारतीय टीम अलग-अलग देशों के दौरों पर हैं। विराट कोहली की कप्तानी में टेस्ट सीरीज के लिए एक भारतीय टीम इंग्लैंड में है, जबकि शिखर धवन की कप्तानी में सीमित ओवरों की सीरीज खेलने के लिए एक भारतीय टीम श्रीलंका में है। इस बीच इंग्लैंड दौरे से भारतीय टीम से जुड़ी एक बड़ी और बुरी खबर सामने आई है, जहां ओपनर शुभमन गिल गंभीर रूप से चोटिल हो गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुभमन गिल को इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों से चोट के कारण बाहर होना पड़ सकता है। इस बात की आधिकारिक पुष्टि जल्द हो जाएगी, लेकिन माना जा रहा है कि उन्हें शायद पूरी सीरीज से बाहर किया जा सकता है। ऐसे में उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर किस खिलाड़ी के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ के चयनकर्ता देख रहे हैं। इस बात के संकेत भी चयनकर्ताओं से मिल गए हैं।

दरअसल, टीओआइ की रिपोर्ट की मानें तो अगर भारतीय टीम के चयनकर्ताओं से टीम मैनेजमेंट शुभमन गिल के रिप्लेसमेंट के बारे में बात करता हैं तो चयनकर्ता श्रीलंका दौरे के बाद पृथ्वी शॉ को इंग्लैंड भेज सकते हैं, लेकिन क्वारंटाइन नियमों को देखते हुए उनको सीरीज के पहले दो टेस्ट मैचों में जगह नहीं मिल पाएगी। पृथ्वी शॉ श्रीलंका से यूके के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां कोरोना प्रोटोकॉल फॉलो करने के बाद वे तीसरे टेस्ट मैच से उपलब्ध होंगे।

आपको बता दें, भारतीय टीम का श्रीलंका दौरा 25 जुलाई को आखिरी टी20 मैच के साथ समाप्त हो रहा है। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ भारत को चार अगस्त से टेस्ट सीरीज खेलनी है। ऐसे में पृथ्वी शॉ अगर श्रीलंका से यूके की उड़ान भरते हैं या फिर भारत से यूके जाते हैं तो उनको क्वारंटाइन में समय बिताना होगा। इसके अलावा प्रैक्टिस सेशन भी ज्वाइन करने होंगे। इसके बाद ही वे टीम इंडिया के बायो-बबल में प्रवेश करेंगे और चयन के लिए उपलब्ध होंगे। हालांकि, इंग्लैंड में इस समय भारत के पास शुभमन गिल के रिप्लेसमेंट के लिए मयंक अग्रवाल और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी हैं।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *