07 June, 2026 (Sunday)

श्रेयस अय्यर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली वनडे की सर्वश्रेष्ठ पारी, 7 वनडे मैचों में जड़ा पांचवां अर्धशतक

भारतीय मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले दो मैच में कोविड पाजिटिव होने की वजह से खेलने का मौका नहीं मिला था। ठीक होने के बाद उन्हें तीसरे वनडे में खेलने का मौका मिला और उन्होंने काफी अच्छी पारी खेली। श्रेयस अय्यर ने इस मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 111 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौकों की मदद से 80 रन की पारी खेली। ये वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे क्रिकेट में श्रेयस अय्यर की अब तक की बेस्ट पारी साबित हुई।

वेस्टइंडीज के खिलाफ 7वें वनडे में 5वां अर्धशतक

श्रेयस अय्यर ने अपनी 80 रन की पारी के दम पर भारतीय टीम को संभालने का काम किया और काफी हद तक उसमें सफल भी रहे। इस मैच में श्रेयस अय्यर तब बल्लेबाजी करने आए थे जब कप्तान रोहित शर्मा 13 रन और विराट कोहली जीरो पर आउट होकर पवेलियन लौट गए थे। भारतीय टीम ने 16 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे और दवाब में थी। श्रेयस के आने के बाद ओपनर शिखर धवन भी 10 रन बनाकर आउट हो गए और टीम पर काफी दवाब था। इसके बाद अय्यर ने पंत के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने का काम किया। हालांकि इसके बाद रिषभ पंत भी 56 रन की अच्छी पारी खेलकर आउट हो गए। वहीं जब श्रेयस आउट हुए उस समय भारत का स्कोर 6 विकेट पर 187 रन था।

वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रेयस अय्यर का ये 7वां वनडे मैच था। इससे पहले उन्होंने इस टीम के खिलाफ खेले 6 वनडे मैचों में से 4 में अर्धशतक लगाए थे। इस टीम के खिलाफ वनडे में उनका बेस्ट स्कोर पहले 71 रन था, लेकिन अब 80 रन की पारी खेलकर उन्होंने अपना पिछला रिकार्ड तोड़ा साथ ही इस टीम के खिलाफ 5वां अर्धशतक भी लगाया। वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रेयस ने पिछले 7 वनडे मैचों की 6 पारियों में 71,65,70,53,7,80 रन की पारी खेली है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *