29 October, 2026 (Thursday)

बिहार के गया जी एयरपोर्ट पर 110 ग्राम सोने का बिस्किट मिलने से मचा हड़कंप, कोलकाता पहुंचते ही यात्री हिरासत में

एयरपोर्ट पर एक्स-रे जांच मशीन में हैंडबैग से बिस्कुट जैसी धातु पकड़ में आई है। वैध कागजात नहीं मिलने पर आयकर विभाग ने जांच शुरू की। तब जाकर पूरा मामला सामने आया।
बिहार के गया जी एयरपोर्ट पर विंटर शेड्यूल की फ्लाइट शुरू होते ही सोने की तस्करी का खुलासा हुआ है। बुधवार को गया जी एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने नियमित प्री एम्बाकर्शन सुरक्षा जांच के दौरान तस्करी का संदिग्ध सोने का बिस्किट बरामद किया है। सोने के बिस्किट का वजन 110 ग्राम है। वैध कागजात नहीं मिलने पर आयकर विभाग ने जांच शुरू की है।
बैग के अंदर छिपाए था सोना
दरअसल, एयरपोर्ट के घेरलू होल्ड एरिया में इंडिगो की दिल्ली-गया-कोलकाता घरेलू उड़ान से कोलकाता जाने वाले एक यात्री सोनू कुमार ने अपने हैंड बैगेज को प्री एम्बाकर्शन सुरक्षा जांच बिंदु पर स्क्रीनिंग के लिए रखा। एक्स रे बैगेज निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ स्क्रीनर ने बैग के अंदर छिपी धातु की छवि दिखाई। उसने तुरंत बैग को गहन भौतिक जांच के लिए अलग कर दिया। इसके बाद गया जी एयरपोर्ट पर पैसेंजर प्रोफ़ाइलिंग और एक्स रे एडवांस स्क्रीनिंग को और सख्त कर दिया गया है।

सीआईएसएफ की टीम हुई सतर्क
इस मामले में सीआईएसएफ की क्राइम इंटेलिजेंस विंग ने गया और पटना में आयकर विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी। साथ ही कोलकाता एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ की टीम को भी पहले से सतर्क कर दिया गया, ताकि विमान के पहुंचते ही जरूरी कार्रवाई की जा सके।

यात्री को लिया गया हिरासत में
विमान के कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचने के बाद आयकर विभाग के अधिकारियों ने यात्री को हिरासत में लिया। इसके बाद उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यात्री के पास मिली सोने की बिस्किट कहां से आई? पूरे मामले की जांच की जा रही है।

दिल्ली में भी आया सोने की तस्करी का मामला
बता दें कि इसके पहले भी देश के कई एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने सोने की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दुबई से आए एक यात्री के पास से करीब 4.03 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया है। एयरपोर्ट पर जांच के दौरान यात्री के पास से इतनी बड़ी मात्रा में सोना बरामद होने के बाद कस्टम अधिकारियों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed