21 October, 2026 (Wednesday)

भारत की दूसरे दर्जे की टीम के साथ खेलकर भी इतने करोड़ रुपये कमाएगी श्रीलंकाई टीम

कोलंबो । भारत और श्रीलंका के बीच तीन-तीन मैचों की वनडे और टी20 सीरीज होनी है। श्रीलंका के दौरे पर भारत की दूसरे दर्जे की टीम गई है, क्योंकि नियमित टीम और टीम के कप्तान विराट कोहली इस समय इंग्लैंड के दौरे पर हैं। वहीं, श्रीलंका के दौरे पर शिखर धवन की कप्तानी वाली टीम गई है, जिसमें ज्यादातर युवा खिलाड़ी हैं। हालांकि, श्रीलंका की कमजोर पड़ती जा रही टीम के लिए भारत की दूसरे दर्जे की टीम ही काफी है। इस बीच श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने एक बड़ा दावा इस सीरीज से होने वाली कमाई को लेकर किया है।

भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज की मेजबानी करने से श्रीलंका क्रिकेट को बड़ा वित्तीय लाभ होगा। श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष शमी सिल्वा ने कहा है, “हमे शुरूआत में तीन मैचों की मेजबानी करनी थी, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ से चर्चा करने के बाद हमें छह मैच मिले, जिससे हमें राजस्व में 6 लाख डॉलर का अतिरिक्त फायदा मिलेगा।” एक रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को भारत के खिलाफ होने वाली छह मैचों की सीरीज से 12 लाख डॉलर की कमाई होगी।

SLC के मुखिया शमी सिल्वा ने कहा, “खेल मंत्री नमल राजपक्षे के खेल के माध्यम से मजबूत अर्थव्यवस्था के निर्माण के विजन से श्रीलंका क्रिकेट देश को बड़ी आय प्रदान करने में सक्षम होगा। हमने कोरोना के कारण कई दौरे मिस किए हैं, लेकिन फिर भी हमने हमारे क्रिकेटरों की महीने की कमाई में कटौती नहीं की।” श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को 89.69 करोड़ इस 6 मैचों की सीरीज से प्राप्त होने वाले हैं। अगर यह तीन मैचों की सीरीज होती तो फिर श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड की कमाई करीब साढ़े 44 करोड़ रुपये होती।

भारत और श्रीलंका के बीच 13 जुलाई से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू हो रही है, जबकि पहला टी20 मैच 21 जुलाई को खेला जाएगा। इस दौरे पर खेले जाने वाले सभी 6 मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जाएंगे। बता दें कि श्रीलंका की टीम इस समय खराब दौर से गुजर रही है। यहां तक कि भारत के खिलाफ सीरीज के लिए टीम का कप्तान भी बदल गया है। ऐसे में बाउंस बैक करने के लिए मेजबान टीम जीत चाहेगी

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed