06 June, 2026 (Saturday)

राजस्व एवं चकबंदी लेखपाल परीक्षा की तैयारी के लिए नए बैच का शुभारंभ

लखनऊ। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिये अभ्यर्थियों में शैक्षिक योग्यता के साथ साथ अनुशासन और धैर्य होना अति आवश्यक है। अभी तक की असफलता से आपको घबराने की जरूरत नहीं है। आप सही दिशा में लगातार और कठिन परिश्रम करें। सफलता निश्चित रूप से आपकी कदम चूमेगी। बिहार में कार्यरत वरिष्ठ आईएएस गिरिवर दयाल सिंह ने यह मार्गदर्शन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से राजस्व एवं चकबंदी लेखपाल की तैयारियों को लेकर रविवार को आयोजित एक सेमिनार में प्रतिभागियों को दिया। इस मौके पर राजस्व एवं चकबंदी लेखपाल परीक्षा की तैयारी के लिए नए बैच का शुभारंभ भी हुआ।
वरिष्ठ आईएएस पदाधिकारी गिरिवर दयाल सिंह एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में सेमिनार का आयोजन गौतम बुद्धा ग्रामीण विकास फाउंडेशन द्वारा संचालित अभियान 40 (आईएएस) की ओर से किया गया। सेमिनार में बिहार में कार्यरत वरिष्ठ आईएएस पदाधिकारी गिरिवर दयाल सिंह, आईआरएस जयनाथ वर्मा, आईआरएस पदाधिकारी शिवशंकर, कमलेश वर्मा एवं राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज की प्राचार्या कुसुम वर्मा समेत अन्य विशेषज्ञों ने परीक्षा की तैयारियों पर चर्चा की तथा बच्चों को सफलता के गुर बताए । वरिष्ठ आईएएस गिरिवर दयाल सिंह ने विभिन्न विषयों के संदर्भ में उनके तथ्यों के बहु आयामी रूपों पर विस्तृत चर्चा की।
इस मौके पर आईआरएस जयनाथ वर्मा ने परीक्षा में पूछे जाने वाले महत्वपूर्ण विषयों के संदर्भ में बच्चों का मार्गदर्शन किया। वहीं प्राचार्या कुसुम वर्मा ने परीक्षा में ऋणात्मक अंक को कम करने के लिये विशेष रणनीति पर चर्चा की। इस मौके पर तकनीकी परिषद, उत्तर प्रदेश के सदस्य कमलेश अग्रवाल एवं अन्य विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से अपना अनुभव साझा किया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक बिलास कुमार ने कहा कि इस संस्थान में वे तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जो देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में मिलती है। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश के सभी महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में इस तरह का जागरूकता कार्यक्रम चलाया जायेगा। उन्होंने बताया कि अभी तक यह संस्थान बिहार और दिल्ली में अपनी कक्षाएं आयोजित कर रहा है। पिछले साल से लखनऊ में भी निःशुल्क कक्षाओं का शुभारंभ किया गया है। अब इसी कड़ी में यहां यूपीपीएससी की ओर से आयोजित राजस्व एवं चकबंदी लेखपाल परीक्षा की तैयारी के लिए नए बैच का शुभारंभ किया जा रहा है। 15 जनवरी से ऑन लाइन कक्षाएं शुरू हो रही है।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *