21 October, 2026 (Wednesday)

राज मेहता के साथ एक बार फिर ‘गुड न्यूज़’ देने को तैयार अक्षय कुमार, जल्द होगा नई फिल्म का ऐलान

2019 में राज मेहता द्वारा निर्देशित और अक्षय कुमार और करीना कपूर अभिनीत फिल्म ‘गुड न्यूज़’ को काफी सराहा गया था। इस फिल्म में अक्षय के साथ करीना कपूर, कियारा आडवाणी और दिलजीत दोसांझ ने लीड रोल निभाया था। अब खबर है कि राज मेहता दोबारा अक्षय कुमार को निर्देशित करने की तैयारी में हैं। हालांकि इस बार वह अक्षय के साथ कोई कॉमेडी फिल्म नहीं, बल्कि एक इमोशनल ड्रामा फिल्म बना रहे हैं। इस प्रोजेक्ट से जुड़े करीबी सूत्रों के मुताबिक, फिल्म ‘गुड न्यूज़’ रिलीज होने के बाद ही अक्षय और राज ने दोबारा एक दूसरे के साथ काम करने को लेकर बातचीत की थी।

इस बीच राज ने अक्षय को कई कहानियां सुनाईं, जिनमें से आखिरकार एक कहानी अक्षय को पसंद आई और वह इस फिल्म को करने के लिए राजी हो गए हैं। इस फिल्म की पृष्ठभूमि ‘गुड न्यूज़’ से बिल्कुल अलग है। यह एक इमोशनल ड्रामा फिल्म होगी। ‘गुड न्यूज’ की तरह इसे भी करण जौहर की प्रोडक्शन कंपनी धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनाने की तैयारी है। अभी फिल्म का नाम नहीं तय किया गया है। फिल्म के प्री प्रोडक्शन पर काम शुरू हो चुका है।

वहीं अक्षय फिल्म की शूटिंग अगले साल की पहली तिमाही से शुरू कर सकते हैं। उससे पहले वह अपनी आगामी फिल्मों मिशन सिंड्रेला, ओह माय गॉड 2 और राम सेतु की शूटिंग खत्म करेंगे। अक्षय फिलहाल मिशन सिंड्रेला की शूटिंग के सिलसिले में यूरोप गए हुए हैं। इन फिल्मों के अलावा अक्षय की सूर्यवंशी, बच्चन पांडे, पृथ्वीराज, रक्षा बंधन और राम सेतु रिलीज की कतार में हैं।इन फिल्मों की रिलीज़ डेट भी अनाउंस कर दी गई है। वहीं राज फिलहाल ‘जुग जुग जियो’ की एडिटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में नीतू कपूर, वरुण धवन और कियारा आडवाणी लीड रोल में नज़र आने वाले हैं। हाल ही में अक्षय कुमार की फिल्म बॉल बॉटम सिनेमाघर और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ हुई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed