06 June, 2026 (Saturday)

राधिका मदान ने खोली फिल्म इंडस्ट्री की पोल, बोलीं- ‘रिजेक्शन के बाद सर्जरी की मिली थी सलाह’

अपने पहले ही धारावाहिक से टेलीविजन जगत पर धूम मचा देने वाली अभिनेत्री राधिका मदन ने फिल्मों में बी डेब्यू कर दिया है। राधिका ने अपनी पारी की शुरुआत कलर्स टेलीविजन के प्रसिद्ध धारावाहिक ‘मेरी आशिकी तुमसे ही’ से किया था। इस धारावाहिक में राधिका को ईशानी के रूप में दर्शकों का ढेर सारा प्यार मिला था। जिसके बाद उन्होंने बॉलीवुड की ओर अपने कदम बढ़ाए। हालांकि ये राह राधिका के लिए आसान नहीं थी।

राधिका को टेलीविजन से बॉलीवुड तक का सफर करना काफी मुश्किल भरा रहा था। इस दौरान उन्होंने कई रिजेक्शन झेले। उन्हें उनकी शारीरिक बनावट को लेकर बी तंज कसे गए। इतना ही नहीं बल्कि कई लोगों ने तो उन्हें अपने कुछ बॉडी पार्ट्स की सर्जरी तक करवाने के लिए कहा। हालांकि राधिका ने इतना सब होने के बाद भी हार नहीं मानी और खूब मेहनत की। इस बारे में राधिका ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया है।

राधिका मदान ने हाल ही में Humans of Bombay के साथ बातचीत की। इस बातचीत के दौरान राधिका ने कहा कि, ‘एक बच्चे के तौर पर मैं अपनी दुनिया में अपनी चीजें करते हुए बहुत खुश थी। मैं एक रानी थी। काफी शरारती थी और कई बार फन के लिए टायर भी पंचर कर देती थी। मेरी यूनिब्रो थी और बहुत मुश्किल से लड़कों का ध्यान मुझ पर जाता था लेकिन मुझे इसकी फिक्र नही थी मुझे लगा मैं सुंदर हूं।’

आगे राधिका ने बताया, ‘जब भी कोई पूछता कि बड़े होकर क्या करना चाहती हो? तो मैं कहती थी शादी। मुझे तामझाम पसंद था लेकिन डांस का शौक पैदा हो गया। मेरे माता-पिता काफी सपोर्टिव थे। 17 साल की उम्र में मैंने एक टीवी शो के लिए ऑडिशन दिया और 3 दिन के भीतर मैं शूटिंग के लिए मुंबई में थी। यह कठिन था। बहुत मुश्किल से मुझे सोने का समय मिलता था जिसकी वजह से मेरा वजन कुछ किलो बढ़ गया। फिर मैंने अपने रिप्लेस होने की अफवाहें सुनीं और इसने मुझे प्रेरित किया कि मैं आगे देखूं। मैंने वर्कआउट करना शुरू किया।’

राधिका को इसके लिए सर्जरी करवाने की सलाह तक मिली थी। इस बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया, ‘मुझे एहसास हुआ कि यह मेरा सर्वश्रेष्ठ है। यही मैं करना चाहती हूं। मुझे टीवी के कई ऑफर मिले लेकिन मैंने खुद से कहा तुम सिर्फ 19 साल की हो, अगर तुम आराम को चुनोगी तो तुम फंस जाओगी। इसलिए मैंने फिल्में करने के लिए टीवी छोड़ दिया। मैंने ऑडिशन देना शुरू किया लेकिन मुझे रिजेक्शन का सामना करना पड़ा। मुझे बताया कि मुझे एक निश्चित शेप और साइज की जरूरत है, मुझे सर्जरी की जरूरत है। लेकिन मुझे तो मैं बहुत सही लगती हूं। ये कौन लोग हैं जो मुझे बताते हैं कि मैं सुंदर नहीं हूं?’

रधिका ने आगे बताया, ‘अगले डेढ़ साल तक मुझे काम नहीं मिला। ऐसे वक्त में खुद को लेकर संदेह पैदा हो जाता है लेकिन मुझे पता था कि मंजिल से ज्यादा जरूरी सफर है। इसलिए मैंने ऑडिशन को एंजॉय करना शुरू किया। जल्द ही मैंने अपनी पहली फिल्म साइन कर ली और बाद में दूसरे प्रोजेक्ट भी।’ बता दें कि राधिका मदान सान्या मल्होत्रा के साथ फिल्म ‘पटाखा’ में नजर आई थीं। इसके बाद उन्होंने दिग्गज अभिनेता इरफान खान के साथ उनकी आखिरी फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ में भी मुख्य भूमिका निभाई थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *