नए वर्ष में दौडेगी नकहा जंगल वाया बढनी गोण्डा रेल प्रखण्ड पर डेमू ट्रेन
( सिद्धार्थनगर )। गोरखपुर वाया बढनी गोण्डा रेल प्रखण्ड पर डेमू पैसेन्जर ट्रेन चलाने की लोगों की माँग को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ डिवीजन की मण्डल रेल प्रबन्धक डॉ॰ मोनिका अग्निहोत्री ने डेमू पैसेन्जर सहित तीन जोड़ी ट्रेनों को चलाने के लिए रेलवे बोर्ड से अनुमति मांगी है। रेलवे बोर्ड की अनुमति मिलते ही नये वर्ष जनवरी माह में पैसेन्जर ट्रेन का संचलन शुरू कर दिया जायेगा।
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सिद्धार्थनगर, बलरामपुर तथा गोण्डा जनपद के लोग कोविड 19 के कारण रेल यात्रा का दंश झेल रहे हैं। लोगों की सुविधाओं को मद्देनजर रखते हुए नये वर्ष में डेमू पैसेन्जर ट्रेन चलने की संभावना प्रबल हो गयी। कहा जा रहा है कि मंडल रेल प्रबन्धक डॉ॰ मोनिका अग्निहोत्री ने रेलवे बोर्ड से तीन जोड़ी ट्रेनों को चलाने के लिए रेलवे बोर्ड से अनुमति माँगी है जिसे रेलवे बोर्ड नये वर्ष यानि जनवरी माह में ट्रेनो को चलाने की हरी झंडी दे देगा। बताते चले कि उक्त रेलवे प्रखण्ड मार्ग पर कोरोना वायरस के खौफ के कारण विगत दस माह से ट्रेनो का संचलन बंद कर दिया गया था सिर्फ माल गाडियां ही दौड़ रही थी।
वर्तमान समय में रेलवे ने धीरे धीरे रेलगाड़ियों का संचलन शुरू कर दिया है लेकिन गोण्डा से बहराइच व गोण्डा वाया बढनी से गोरखपुर के बीच ट्रेनों का संचलन अभी बंद है जिसके कारण लोगों को काफी दिक्कतो का सामना करना पड़ रहा है साथ ही गोरखपुर वाया बस्ती से लखनऊ के बीच चलने वाली इण्टरसिटी बंद होने से लोगों को और दिक्कते हो रही है। कहा जा रहा है कि करोड़ों लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए मण्डल रेल प्रबन्धक डॉ॰ मोनिका अग्निहोत्री ने गोण्डा से बहराइच के बीच दो जोड़ी डेमो व गोण्डा वाया बढनी नकहा जंगल के बीच एक जोड़ी पैसेन्जर व डेमो ट्रेने तथा गोरखपुर वाया बस्ती होकर लखनऊ के लिए इण्टरसिटी चलाने के लिए रेलवे बोर्ड से अनुमति मांगी है।
