यदि पता चला आप बैचलर हैं तो वे सिर में गोली मारेंगे..’ बेंगलुरु के मकान मालिकों पर भड़का युवक; कह डाली ऐसी बात
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट काफी वायरल हो रही है। इस पोस्ट में शख्स बेंगलुरु के मकान मालिकों पर जमकर भड़का और भड़ास निकाली।
बेंगलुरु में किराए का घर ढूंढना पहले से ही चुनौतीपूर्ण माना जाता है, लेकिन अविवाहित (बैचलर) किराएदारों के लिए यह समस्या और भी जटिल हो जाती है। हाल ही में एक युवक को इसी भेदभाव का सामना करना पड़ा। उसने फ्लैट खोज लिया, सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा कर दी और किराया समझौता भी कर लिया। लेकिन हाउसिंग सोसाइटी ने अविवाहित होने का हवाला देते हुए फ्लैट खाली करने को कह दिया। इस अनुभव को साझा करते हुए युवक ने कहा कि बेंगलुरु के मकान मालिक और सोसायटियां बैचलर्स के प्रति बेहद शत्रुतापूर्ण रवैया अपनाती हैं।
एक्स पर शेयर की पोस्ट
इस पोस्ट को एक्स पर @_nikhilsheoran नामक हैंडल से शेयर किया गया है। निखिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपना अनुभव साझा किया। 25 सितंबर 2026 को उन्होंने फ्लैट मिलने की खुशी जताते हुए पोस्ट किया था- “War is over?” और नए घर की चाबी व फोटो शेयर की थी। लेकिन कुछ ही दिनों बाद स्थिति बदल गई। उन्होंने अपडेट पोस्ट में बताया कि सिक्योरिटी डिपॉजिट दे चुके होने और रेंटल एग्रीमेंट साइन करने के बावजूद उन्हें फ्लैट छोड़ने को कहा गया। एकमात्र वजह यह थी कि वे बैचलर हैं।
फ्लैट खाली करने का निर्देश
निखिल ने सोसाइटी प्रेसिडेंट के साथ व्हाट्सएप चैट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया। प्रेसिडेंट ने उन्हें मकान मालिक से बात करने और दूसरा मकान खोजने को कहा। निखिल ने जवाब दिया कि उन्होंने डिपॉजिट दे दी है, एग्रीमेंट साइन किया है और मालिक से भी व्यवस्था पर चर्चा हो चुकी है। इसके जवाब में प्रेसिडेंट ने लिखा- “एसोसिएशन का फैसला है कि बैचलर्स को अनुमति नहीं है, जल्द से जल्द खाली करें।” निखिल ने मजाक करते हुए लिखा- “बेंगलुरु के मकान मालिक इतने बुरे हैं कि अगर उन्हें पता चल जाए कि आप बैचलर हैं तो वे आपको वापस ले जाकर सिर में गोली मार देंगे।”
सोशल मीडिया पर मिली मिश्रित प्रतिक्रियाएं
इंटरनेट यूजर्स ने इस घटना पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने सहानुभूति जताई और कहा कि यह बेवकूफी भरा नियम है। एक यूजर ने लिखा- “यह बहुत बेवकूफी भरी बात है। अफ़सोस है कि आपको इससे गुज़रना पड़ रहा है।”
दूसरे ने सुझाव दिया कि कानूनी लड़ाई लड़ें क्योंकि एग्रीमेंट मालिक और किराएदार के बीच होता है, सोसाइटी दखल नहीं दे सकती।
कुछ ने मजाक में कहा कि बेंगलुरु के मकान मालिक ही शादी करने का मुख्य कारण बन गए हैं।
वहीं, कुछ यूजर्स ने सोसायटी नियमों का बचाव भी किया। उन्होंने कहा कि कई बैचलर्स पार्टियां करते हैं, धूम्रपान करते हैं और परिवार वाले माहौल को बिगाड़ते हैं।
एक व्यक्ति ने बताया कि उसने महिला सहकर्मी से पत्नी का नाटक करवाया था ताकि फ्लैट मिल सके। कई लोगों ने बताया कि मेट्रो शहरों में बैचलर होने के कारण घर ढूंढना आम समस्या है।
गौरतलब है कि, इससे पहले एक महिला उद्यमी ने बेंगलुरु की खराब सड़कों पर प्रतिक्रिया दी थी।
