Goa election 2022: राहुल गांधी 2 फरवरी को सीएम प्रमोद सावंत के संसदीय क्षेत्र में भरेंगे हुंकार
गोवा में आगामी विधानसभा चुनाव (Goa election 2022) के मद्देनजर कांग्रेस अपनी स्थिति मजबूत करने की पूरजोर कोशिश में लगी है। इसी सिलसिले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी 2 फरवरी को गोवा में चुनाव प्रचार करेंगे। राहुल गोवा के सीएम प्रमोद सावंत के संसदीय क्षेत्र सांकेली में वर्चुअल रैली के जरिए अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी वहां एक छोटी जनसभा को भी सम्बोधित कर सकते हैं और पार्टी के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। गौरतलब है कि गोवा के बाद राहुल गांधी उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही कांग्रेस नेता ने पंजाब में रैली की थी। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया। राहुल ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में माथा भी टेका था, उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी मौजूद रहे।
इस बार उम्मीदवारों को कांग्रेस ने दिलाई वफादारी की शपथ
कांग्रेस ने इस बार गोवा के अपने सभी उम्मीदवारों से यह संकल्प लेने को कहा कि वे विधानसभा चुनाव के बाद जनता और पार्टी के प्रति वफादारी निभाएंगे। इसके लिए पार्टी ने अपने उम्मीदवारों को मंदिर, चर्च और दरगाह में वफादारी की शपथ भी दिलाई। गौरतलभ है कि कांग्रेस ने ये कदम पिछले चुनावी नतीजों के बाद हुए घटनाक्रम को देखते हुए उठाया है। बता दें कि कांग्रेस के टिकट पर 2017 का विधानसभा चुनाव जीतने वाले 17 में से 15 विधायकों के पार्टी छोड़ कर भाजपा का दामन थाम लिया था और पार्टी सरकार बनाने से वंचित रह गई थी।
मुख्यमंत्री सावंत ने 22 सीट जीतने का किया है दावा
गोवा में चुनाव से पहले मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में कम से कम 22 सीटों के बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। सीएम ने कहा कि उनकी पार्टी पहली बार गोवा में सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और उन्हें यकीन है कि पार्टी बहुमत की सरकार बनाएगी। गौरतलब है कि गोवा में 14 फरवरी को चुनाव होने हैं।
