06 June, 2026 (Saturday)

GHMC Election: CM योगी आदित्यनाथ की BJP प्रत्याशियों के पक्ष में हैदराबाद में आज राजनैतिक रैली तथा रोड शो

बिहार विधानसभा में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी की निगाह अब तेलंगाना तथा पश्चिम बंगाल पर भी है। इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मोर्चे पर हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में निकाय चुनाव (ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपिल कारपोरेशन) में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में सभा के साथ एक रोड शो भी करेंगे।

सीएम योगी ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के 150 वार्डों के लिए होने वाले चुनावों में प्रचार करेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ जीदीमेतला में रोड शो करेंगे। इसके साथ ही इनकी शाहली बांदा में जनसभा होगी। सीएम योगी आदित्यनाथ के हैदराबाद में चुनाव प्रचार को एआईएमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी को सीधी चुनौती देने के रूप में देखा जा रहा है। ओवैसी ने यहां पर चुनाव में 51 प्रत्याशी उतारे हैं। हैदराबाद नगर निगम चुनाव में भी असदुद्दीन ओवैसी ने पुराने हैदराबाद के इलाके की सीटों पर अपनी पार्टी के प्रत्याशी उतारे हैं, जिनमें से पांच टिकट हिंदुओं को दिए गए हैं। ओवैसी के 10 फीसदी प्रत्याशी हिंदू समुदाय के हैं। ओवैसी की पार्टी के हिंदू समुदाय के प्रत्याशी उन सीटों पर हैं, जहां पर हिंदू-मुस्लिम आबादी करीब-करीब बराबर यानी 50-50 फीसदी है और यहां विधानसभा सीट पर भी ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के विधायकों का कब्जा है।

प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (सूचना) नवनीत सहगल ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ 28 नवंबर को एक दिन के दौरे पर हैदराबाद जाएंगे। उनका वहां पर रोड शो के साथ राजनीतिक रैली को भी संबोधित करने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सूचना सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने बताया कि योगी आदित्यनाथ निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में पहले एक रोड शो करेंगे। रोड शो के समापन के बाद यहां एक जनसभा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केरल, कर्नाटक, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मणिपुर, मध्य प्रदेश के साथ बिहार व दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार कर चुके हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *