06 June, 2026 (Saturday)

Dhanush के ‘राउड़ी बेबी’ गाने ने रचा इतिहास, YouTube पर व्यूज़ पहुंचे एक अरब के पार

तमिल सुपरस्टार और रजनीकांत के दामाद धनुष के एक गाने ने एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। उनकी फ़िल्म मारी 2 के राउड़ी बेबी गाने ने यू-ट्यूब पर 1 बिलियन यानि एक करोड़ से अधिक व्यूज़ का शानदार रिकॉर्ड बनाया है। ख़ास बात यह है कि यह कमाल कोलोवेरी डी गाने की नौवीं सालगिरह के दिन हुआ।

धनुष ने यह ख़ुशख़बरी साझा करते हुए ट्वीट किया- क्या प्यारा इत्तेफ़ाक़ है। कोलावेरी डी गाने की नौवीं सालगिरह पर राउड़ी बेबी गाने ने एक बिलियन व्यूज़ का पड़ाव पार कर लिया है। हम यह बताते हुए सम्मानित महसूस कर रहे हैं कि एक बिलियन व्यूज़ हासिल करने वाला यह पहला दक्षिण भारतीय गाना है। हमारी पूरी टीम दिल से शुक्रिया अदा कर रही है।

बता दें, बालाजी मोहन निर्देशित मारी 2 फ़िल्म 2018 में रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म में धनुष और साईं पल्लवी ने मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं। राउड़ी बेबी गाने को धनुष और धी ने आवाज़ दी है। गाना 25 अक्बर 2018 को रिलीज़ किया गया था। गाने का संगीत युवन शंकर राजा ने कंपोज़ किया था। इसके बोल धनुष ने ही लिखे थे। धनुष और पल्लवी पर फ़िल्माया गया गाना अब यू-ट्यूब के सबसे अधिक देखे गये गानों में शुमार हो चुका है।

कुछ ऐसा ही इतिहास धनुष के गाने कोलावेरी डी ने रचा था। यह गाना धनुष की 2011 में आयी साइकोलॉजिकल थ्रिलर 3 का था। 16 नवम्बर 2011 को रिलीज़ हुए गाना देखते-देखते ही देशभर में ज़बरदस्त लोकप्रिय हुआ था। तमिल और इंग्लिश में लिखे गये इसके लिरिक्स फैंस के बीच एक फिनोमेना बन गये थे। इस गाने को भी धनुष ने लिखा और गाया था, जबकि इसका संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया था। इस गाने की लोकप्रियता इसी से समझी जा सकती है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने धनुष को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया था।

धनुष अब आनंद एल रॉय की फ़िल्म अतरंगी रे में सारा अली ख़ान और अक्षय कुमार के साथ नज़र आएंगे। उन्होंने हिंदी फ़िल्मों में अपना करियर रॉय की ही फ़िल्म रांझणा से शुरू किया था, जिसमें सोनम कपूर फीमेल लीड में थीं। इस फ़िल्म में धनुष के काम को बेहद सराहना मिली थी। इसके बाद वो आर बाल्की की फ़िल्म शमिताभ में अमिताभ बच्चन के साथ नज़र आये थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed