पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस ने खोला मोर्चा, 11 जून को पेट्रोल पंपों के बाहर करेगी प्रदर्शन
नई दिल्ली, एजेंसियां। पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों को देखते हुए कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि वह पेट्रोल और डीजलों की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ 11 जून को विभिन्न पेट्रोल पंपों के बाहर सांकेतिक प्रदर्शन करेगी। इस प्रदर्शन में उसके हजारों कार्यकर्ता भाग लेंगे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन में कोरोना संबंधित दिशानिर्देशों का पालन किया जाएगा।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले सात साल में पेट्रोल और डीजल पर करों में बार-बार भारी बढ़ोतरी करके इसकी कीमतों को रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा दिया है। इस सरकार की गलत नीतियों के कारण देश के कई हिस्सों में पेट्रोल की कीमतें आज 100 रुपये प्रति लीटर का आंकड़ा पार कर चुकी हैं। यही नहीं डीजल की कीमतें भी 100 रुपये प्रति लीटर होने की ओर हैं।
