06 June, 2026 (Saturday)

कप्तान जो रूट दोहरे शतक से चूके, लेकिन मेजबान श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड को दिलाई मजबूती

SL vs Eng: कप्तान जो रूट (186) ने अपने करियर का 19वां टेस्ट शतक जमाया, जिससे इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन रविवार को यहां तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक नौ विकेट पर 339 रन बना लिए हैं। श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 381 रन बनाए थे और इस तरह से इंग्लैंड अभी उससे 42 रन पीछे है। रूट ने तब क्रीज पर कदम रखा था जब इंग्लैंड के दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे और स्कोर दो विकेट पर पांच रन था।

इंग्लैंड ने तीसरे दिन दो विकेट पर 98 रन से आगे खेलना शुरू किया और 68 रन पर नाबाद रूट जल्द ही अपने शतक तक पहुंच गए। उन्होंने जोस बटलर (55) के संग मिलकर पांचवें विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। बटलर को मेंडिस ने पवेलियन भेजा। इसके बाद सैम कुर्रन (13) आउट हुए। रूट ने फिर डॉम बेस (32) के साथ सातवें विकेट के लिए 81 रन की अहम साझेदारी की। आइसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से देखा जाए तो ये इंग्लैंड टीम के लिए अहम मुकाबला है।

दिन का आखिरी विकेट रूट का ही गिरा, जिन्होंने 309 गेंद में 18 चौके की मदद से 186 रन बनाए। हालांकि, इससे पहले वे श्रीलंका की सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में तीन शतक लगाने वाले पहले विदेशी कप्तान बन गए। वहीं, पहला टेस्ट हारकर दूसरे टेस्ट में वापसी की राह देख रही श्रीलंकाई टीम के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं, क्योंकि अब दो ही दिन का खेल बाकी है। ऐसे में श्रीलंकाई टीम चाहेगी कि कम से कम चौथे दिन बल्लेबाजी की जाए और स्कोर बोर्ड पर 300 से ज्यादा रन लगाए जाएं। इंग्लैंड की टीम इस मुकाबले के बाद भारत दौरे पर आना है, जहां पहले चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *