05 June, 2026 (Friday)

बिरयानी के बाद तरबूज खाया, पूरा परिवार खत्म; मुंबई में फूड पॉइजनिंग से 4 मौतें, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मुंबई में फूड पॉइजनिंग की वजह से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बिरयानी खाने के बाद परिवार ने तरबूज भी खाया था। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
महाराष्ट्र के मुंबई में रविवार को फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया। मुंबई के पायधुनी इलाके में फूड पॉइजनिंग की वजह से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार ने बिरयानी के बाद तरबूज खाया था। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), नसरीन डोकाडिया (35) और उनकी बेटियां आयशा (16) और ज़ैनब (13) के रूप में हुई है।

मौत से पहले परिवार के सदस्य ने क्या बताया?
मौत से पहले परिवार के एक शख्स ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उन्होंने एक साथ पहले बिरयानी खाई थी और उसके बाद तरबूज। भोजन के कुछ समय बाद ही परिवार के सभी सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक-एक कर चारों की मौत हो गई।

कब-क्या हुआ?
25 अप्रैल को परिवार को चार लोगों ने अपने 5 अन्य रिश्तेदारों के साथ रात 10:30 बजे खाना खाया था। बाकी करीबी रिश्तेदार बाद में अपने-अपने घर लौट गए।
रात में 1:00 से 1:30 बजे के बीच चारों मृतक सदस्यों ने तरबूज खाया।
इसके बाद रविवार सुबह 5:30 से 6 बजे के बीच, चारों में उल्टी और दस्त (लूज मोशन) के लक्षण दिखाई देने लगे।
परिवार ने अपने फैमिली डॉक्टर से सलाह ली और फिर उन्हें जे.जे. अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में सुबह 10:15 बजे छोटी बेटी की मौत हो गई।
सबसे आखिर में रविवार रात 10:30 बजे परिवार के मुखिया अब्दुल्ला डोकाडिया की भी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
इस मामले में पुलिस की माने तो मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी। फिलहाल पायधुनी पुलिस ने दुर्घटनावश मौत (ADR) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *