20 October, 2026 (Tuesday)

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला बिल्डिंग में लगी आग, 9 लोग घायल, कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ

मुंबई के कुर्ला में एक 13 मंजिला बिल्डिंग में आग लग गई। इस हादसे में 9 लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुंबई: शहर के कुर्ला इलाके से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां 13 मंजिला इमारत में आग लग गई है। आग लगने की घटना में 9 लोग घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल सभी घायलों को पास के राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। सभी घायल सुरक्षित बताए जा रह हैं। जानकारी के मुताबिक सुबह 6:53 बजे आग लगी और 7:21 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। घायलों में ज्यादातर को सांस लेने में तकलीफ की समस्या थी, जबकि एक व्यक्ति को चोट लगी है।
इलेक्ट्रिकल डक्ट में आग लगने से हुआ हादसा
नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार तड़के मुंबई के कुर्ला इलाके में एक 13 मंजिला आवासीय इमारत के इलेक्ट्रिकल डक्ट में आग लग गई। इस घटना में तीन बच्चों सहित नौ लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि आग सुबह करीब 6:53 बजे कुर्ला पश्चिम स्थित कोहिनूर एचडीआईएल बिल्डिंग नंबर 5 में लगी। आग की लपटें इलेक्ट्रिकल वायरिंग और डक्ट के रास्ते फैल गईं, लेकिन दमकलकर्मियों ने सुबह 7:21 बजे तक आग पर काबू पा लिया।

धुआं भर जाने से सांस लेने में हुई तकलीफ
नगर निकाय के एक अधिकारी के अनुसार, इमारत में घना धुआं भर जाने के कारण आठ लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई, जबकि एक व्यक्ति के दाहिने पैर में चोट आई है। अधिकारी ने बताया कि घायलों में पांच साल का एक लड़का, दो किशोर लड़कियां और एक बुजुर्ग शामिल हैं। इन सभी को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई दमकल विभाग, पुलिस, बिजली कंपनी, 108 एम्बुलेंस सेवा और वार्ड के कर्मचारियों को मदद के लिए मौके पर भेजा गया था। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों और नुकसान के दायरे का अभी पता नहीं चल पाया है।

आग लगने से घायल हुए लोगों की लिस्ट-
ईशान अहमद (30 वर्ष)
मोहम्मद शेख (5 वर्ष)
फ़रीना बोनो (27वर्ष)
एजस अहमद (65 वर्ष)
फ़रीन शेख (18 वर्ष)
नैदया शेख (14 वर्ष)
कलीमा साहा (45 वर्ष)
अलीना शैक (17 वर्ष)
जाहिद अली शेख (55 वर्ष), दाएं पैर में चोट

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *