07 June, 2026 (Sunday)

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अश्विन पड़ सकते हैं बेन स्टोक्स पर भारी, राहुल द्रविड़ ने बताई वजह

टीम इंडिया अगले महीने की शुरुआत में इंग्लैंड के लिए रवाना होगी। 18-22 जून के बीच भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच खेलेगी और इसके बाद 4 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और इंग्लैंड में शानदार बल्लेबाजी रिकॉर्ड रखने वाले राहुल द्रविड़ का मानना है कि इस बार टीम इंडिया इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीत सकती है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि कौन सा भारतीय गेंदबाज इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स पर भारी पड़ सकता है।

द्रविड़ ने लाइव एड इंडिया द्वारा आयोजित वेबिनार में कहा, ‘मुझे लगता है कि भारत के पास इस बार सीरीज जीतने का अच्छा मौका है। इंग्लैंड की गेंदबाजी के बारे में कोई सवाल नहीं है, वे जो भी गेंदबाजी आक्रमण उतरेंगे खासतौर पर सीम गेंदबाजी आक्रमण, यह देखना शानदार होगा। उनके पास चुनने के लिए अच्छे खिलाड़ी हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘अगर आप उनके छह या सात टॉप बल्लेबाजों को देखें तो उसमें वर्ल्ड क्लास बल्लेबाज जो रूट हैं। बेन स्टोक्स एक और बड़े ऑलराउंडर हैं लेकिन कुछ कारणों से रविचंद्रन अश्विन उनके खिलाफ शानदार प्रदर्शन करेंगे। यह दिलचस्प मुकाबला होगा।  मैं जानता हूं कि अश्विन ने भारत में स्टोक्स के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन यह सीरीज का एक दिलचस्प हिस्सा होगा।’

‘भारत के पास तैयारी का बहुत मौका होगा’

द्रविड़ ने कहा, ‘लेकिन मुझे लगता है कि भारत इस बार अच्छी तरह तैयार होगा। ऑस्ट्रेलिया से उसे आत्मविश्वास मिला होगा। इस टीम में काफी आत्मविश्वास है। कुछ खिलाड़ी पहले भी इंग्लैंड जा चुके हैं।  इस बार बैटिंग ऑर्डर में काफी आत्मविश्वास है। इसलिए मुझे  लगता है कि भारत के पास काफी अच्छा मौका है और यह भारत के पक्ष में 3-2 से जा सकता है।’ द्रविड़ ने कहा, ‘डब्लूटीसी फाइनल के बाद वे पूरे एक महीने के लिए इंग्लैंड में रहेंगे जिसके बाद टेस्ट सीरीज शुरू होगी।  मुझे नहीं लगता कि किसी टीम के पास एक टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए इतना समय होगा।’ द्रविड़ ने साथ ही कहा, ‘भारतीय टीम इस बार इंग्लैंड में अच्छा खेलेगी। हमारे पास इस बार काफी अच्छा मौका है, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद वे इंग्लैंड में पूरे एक महीने तक रहेंगे जिसके बाद टेस्ट सीरीज शुरू होगी।  मुझे नहीं लगता कि किसी भी टीम के पास टेस्ट सीरीज की तैयारी करने के लिए इतना समय होगा इसलिए टीम इंडिया के पास इस बार एडवांटेज की स्थिति रहेगी।’

‘भारत और ऑस्ट्रेलिया से अलग हैं इंग्लैंड की परिस्थितियां’

उन्होंने कहा, ‘इंग्लैंड में आपको एक चीज का ध्यान रखना होगा और वह है परिस्थितियां। यह ऑस्ट्रेलिया या भारत से अलग होगा। अगर आप जम गए हों और अच्छी शुरुआत कर चुके हों लेकिन चीजें तेजी से बदल सकती हैं।  बॉल 40-50 ओवर के बाद भी स्विंग कर सकती है।’ भारत ने दौरे के लिए 20 सदस्यीय टीम चुनी है, जिसके साथ चार रिजर्व खिलाड़ी रखे गए हैं और द्रविड़ का मानना है कि टीम का कॉम्बिनेशन ऐसा है कि टीम मैनेजमेंट को पहले से पता है कि उसका बेस्ट प्लेइंग XI क्या होगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *