25 October, 2026 (Sunday)

सालों पुरानी ‘जोकर और चाटुकार’ वाली बहस पर अनुपम खेर का बड़ा बयान, बताया अब नसीरुद्दीन शाह संग कैसे हैं रिश्ते

अनुपम खेर और नसीरुद्दीन शाह के बीच की बहस किसी से छिपी नहीं है। सोशल मीडिया पर फिर से एक बार दोनों की सालों पुरानी बहस चर्चा का केंद्र बन गई है, जिसके बाद एक्टर को एक वीडियो जारी कर सफाई देनी पड़ी है।
दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर और नसीरुद्दीन शाह के बीच का सालों पुराना विवाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। हाल ही में इंटरनेट पर एक पुराना वीडियो क्लिप वायरल हुआ, जिसमें नसीरुद्दीन शाह ने अनुपम खेर के राजनीतिक विचारों को लेकर उन्हें चाटुकार जोकर कहा था। इसके जवाब में अनुपम खेर का भी एक पुराना तीखा वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि नसीरुद्दीन शाह की सोचने-समझने की क्षमता उन ड्रग्स के सेवन की वजह से धुंधली हो गई है, जिनका वे सालों से इस्तेमाल कर रहे हैं। अब इस पुराने विवाद के दोबारा सुर्खियों में आने के बाद अनुपम खेर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और बताया है कि आज के समय में दोनों के बीच कैसे संबंध हैं।
अनुपम खेर ने वायरल वीडियो पर दी प्रतिक्रिया
अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर इस पुराने विवाद के वीडियो वायरल होने पर अपनी गहरी आपत्ति जताई है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए इस बात का खुलासा किया कि उनके और नसीरुद्दीन शाह के बीच का यह मनमुटाव बहुत पहले ही खत्म हो चुका है। अनुपम खेर का मानना है कि इस छह साल पुराने वीडियो को जानबूझकर दोबारा वायरल किया गया है ताकि उन्हें निशाना बनाया जा सके। उनका कहना है कि राम मंदिर दान गबन विवाद पर अपनी बात रखने के बाद से ही एक पूरा खेमा उनके पीछे पड़ गया है और उन्हें ट्रोल करने की कोशिश की जा रही है।

क्यों किया जा रहा ट्रोल
साझा किए गए वीडियो में अनुपम खेर ने हिंदी में बात करते हुए कहा, ‘कुछ दिनों पहले मैंने अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन किए थे और अपनी भावनाएं व्यक्त की थीं। कुछ लोगों को मेरी बातें पसंद नहीं आईं क्योंकि यह उनके एजेंडे में फिट नहीं बैठ रही थीं। वे मुझे निशाना बनाने और ट्रोल करने के तरीके ढूंढने लगे। मुझे गाली देने के लिए एक पूरा तंत्र तैयार हो गया। जब उन्हें मेरे खिलाफ कुछ और नहीं मिला, तो उन्होंने मेरी छवि खराब करने के लिए नसीरुद्दीन शाह का छह साल पुराना वीडियो ढूंढ निकाला।’
नसीरुद्दीन शाह के साथ मौजूदा रिश्तों पर किया खुलासा
71 वर्षीय अभिनेता अनुपम खेर ने साफ किया कि वैचारिक मतभेदों के बावजूद आज उनके और नसीरुद्दीन शाह के बीच संबंध बेहद सामान्य और सम्मानजनक हैं। उन्होंने बताया, ‘असल जिंदगी में नसीर और मैं मिल चुके हैं, हमने एक-दूसरे को गले लगाया है और हम दोनों एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। लोग मुझसे कह रहे थे कि इस मामले को जाने दो क्योंकि इसे बीते कई महीने हो चुके हैं, लेकिन वे यह भूल गए कि मैं उस वीडियो का जवाब उसी समय दे चुका था और अपनी बात स्पष्ट कर चुका था।’ अनुपम खेर ने यह भी बताया कि साल 2025 में नसीरुद्दीन शाह ने उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर माफी भी मांग ली थी।

क्या था अनुपम खेर और नसीरुद्दीन शाह का पुराना विवाद?
यह पूरा विवाद साल 2020 में शुरू हुआ था जब दोनों अभिनेताओं के बीच वैचारिक मतभेद खुलकर सामने आए थे। एक इंटरव्यू के दौरान नसीरुद्दीन शाह ने सरकार का समर्थन करने को लेकर अनुपम खेर पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि अनुपम खेर को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है, वे एक जोकर हैं और उनके समकालीन कलाकार भी उनकी चापलूसी करने की आदत की गवाही दे सकते हैं। इसके जवाब में अनुपम खेर ने एक वीडियो जारी कर कहा था, ‘नसीर साहब, मैंने आपका इंटरव्यू देखा। आपने मुझे जोकर और चाटुकार कहा, इसके लिए धन्यवाद। मैंने कभी आपके बारे में कुछ बुरा नहीं कहा, लेकिन अब कहना चाहूंगा कि आपने अपार सफलता पाने के बाद भी अपनी पूरी जिंदगी हताशा में गुजारी है। अगर आप दिलीप कुमार, अमिताभ बच्चन, राजेश खन्ना, शाहरुख खान और विराट कोहली की आलोचना कर सकते हैं तो मैं खुद को अच्छे लोगों की संगति में मानता हूं। हम जानते हैं कि यह आप नहीं बोल रहे, बल्कि उन चीजों का असर है जो आप सालों से ले रहे हैं।’ हालांकि अब दोनों कलाकार इस कड़वाहट को भुलाकर आगे बढ़ चुके हैं।
अयोध्या में शूटिंग कर रहे अनुपम खेर
बात करें, अनुपम खेर के वर्कफ्रंट की तो वो इन दिनों अयोध्या में हैं। एक्टर ‘श्री रामभूमि’ की शूटिंग कर रहे हैं। इस फिल्म से उनका पहला लुक भी सामने आया है, जिसमें वो धोती-कुर्ता पहने और माथे पर तिलक लगाए नजर आ रहे हैं। अनुपम खेर इस फिल्म में अशोक सिंघल का किरदार निभाते दिखेंगे। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान ही एक्टर राम मंदिर के दर्शन के लिए भी पहुंचे थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed