21 October, 2026 (Wednesday)

All-Party Meet: पीएम मोदी ने कहा- चंद हफ्ते दूर है वैक्सीन, देश ने सस्ते और सुरक्षित वैक्सीन पर जताया भरोसा

कोरोना के खिलाफ लड़ाई के अंतिम चरण में पहुंचने का साथ ही जल्द ही इसके अंत की शुरूआत के साफ संकेत मिल लगे हैं। फरवरी-मार्च में आशंका और डर भरे माहौल से दिसंबर के विश्वास और उम्मीदों से भरे वातावरण के बीच भारत की लंबी यात्रा को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में आठ वैक्सीन ह्यूमन ट्रायल के विभिन्न फेज में है और विशेषज्ञों की हरी झंडी मिलते ही इस उपलब्ध करा दिया जाएगा।

मोदी ने कहा- वैक्सीन की कीमत तय की जाएगी राज्यों के साथ विचार-विमर्श के बाद

सर्वदलीय बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने विभिन्न दलों के नेताओं को भरोसा दिया कि राज्यों के साथ विचार-विमर्श के बाद ही वैक्सीन की कीमत तय की जाएगी।

कोरोना संक्रमण के बाद दूसरी सर्वदलीय बैठक

कोरोना महामारी की शुरूआत के बाद प्रधानमंत्री ने दूसरी बार सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। बैठक में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के साथ-साथ कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी और गुलाम नवी आजाद, एनसीपी के शरद पवार, टीएमसी के सुदीप बंद्योपाध्याय और एसपी के राम गोपाल यादव समेत विभिन्न दलों के नेता मौजूद थे।

पीएम ने कहा- वैक्सीन कोरोना के खिलाफ हमारी लड़ाई को और मजबूत करेगा

बैठक में विभिन्न नेताओं ने कोरोना वैक्सीन की स्थिति, उसकी उपलब्धता, कीमत जैसे मुद्दों को उठाया। बाद में प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘वैक्सीन को लेकर जो विश्वास इस चर्चा में नजर आया है, वो कोरोना के खिलाफ हमारी लड़ाई को और मजबूत करेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा-  भारत ने सस्ते और सुरक्षित वैक्सीन पर जताया भरोसा

मोडेरना और फाइजर का नाम लिए बगैर प्रधानमंत्री ने संकेत दिया कि भारत अपनी वैक्सीन पर ज्यादा भरोसा कर रहा है और उसके उपलब्ध होने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। ध्यान देने की बात है कि ब्रिटेन ने फाइजर की वैक्सीन के उपयोग की अनुमति दे दी है और अगले हफ्ते से वहां यह लगने भी लगेगा, लेकिन प्रधानमंत्री के अनुसार वैक्सीन को लेकर पूरी दुनिया में हो रही तमाम चर्चाओं के बीच ‘दुनिया की नजर कम कीमत वाली सबसे सुरक्षित वैक्सीन पर है’ और भारत इसमें पूरी तरह सक्षम है।

मोदी ने कहा- राज्यों को कम कीमत पर सस्ती वैक्सीन उपलब्ध होगी

प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्यों के सहयोग के साथ लोगों को कम कीमत पर सस्ती वैक्सीन उपलब्ध कराया जाएगा और इसके लिए बातचीत चल रही है। उन्होंने उन प्राथमिकता वाले समूहों को भी गिनाया जिन्हें सबसे पहले वैक्सीन दी जाएगी। इनमें कोरोना के इलाज से जुड़े हेल्थकेयर वकर्स, कोरोना मरीजों के प्रबंधन से जुड़े फ्रंटलाइन वकर्स, पुलिसकर्मी और निकायकर्मी शामिल हैं। इसके साथ ही गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बुजुर्गो को भी प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीन दी जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- देश में आठ वैक्सीन का चल रहा ट्रायल

देश में वैक्सीन की स्थिति की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कुल आठ वैक्सीन का ट्रायल का चल रहा है, जिनका उत्पादन देश के भीतर ही होना है। इनमें से तीन वैक्सीन का विकास तो देश के भीतर ही किया गया है। तीन वैक्सीन उत्पादन कंपनियों के दौरे और इससे जुड़े वैज्ञानिकों के साथ बातचीत के बारे में बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वे वैक्सीन की सफलता को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हैं। प्रधानमंत्री के अनुसार कोरोना के खिलाफ लड़ाई में शुरुआत से ही भारत ने वैज्ञानिक नजरिये से काम किया, जिसका परिणाम है कि एक टेस्टिंग सेंटर से शुरू कर हम दुनिया में सबसे अधिक टेस्ट करने वाले देशों में शामिल हैं। यही नहीं, दूसरे देशों के मुकाबले भारत में मृत्युदर भी है।

मोदी ने कहा- वैक्सीन आने तक मास्क और दो गज की दूरी बनाए रखना जरूरी

दुनिया के कई देशों में नए सिरे से कोरोना के संक्रमण के तेजी से फैलने का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री वैक्सीन आने तक मास्क और दो गज की दूरी बनाए रखने को जरूरी बताया। उन्होंने सावधान किया कि वायरस कब क्या रूप अख्तियार करेगा, कोई नहीं जानता है, इसीलिए इसके प्रति सावधानी जरूरी है। प्रधानमंत्री ने बड़े पैमाने पर वैक्सीन दिये जाने के दौरान अफवाह फैलाये जाने के प्रति आगाह करते हुए सभी राजनीतिक दलों को इसके प्रति जनता को जागरूक करने की अपील की।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed